बिजली, पानी, स्वास्थ्य और कनेक्टिविटी पर योजनाबद्ध तरीके से हो रहा काम: कृष्ण पाल गुर्जर
बिजली, पानी, स्वास्थ्य और कनेक्टिविटी पर योजनाबद्ध तरीके से हो रहा काम: कृष्ण पाल गुर्जर
– बड़खल विधानसभा को आधुनिक, स्वच्छ और सुविधायुक्त बनाने पर जोर: धनेश अदलखा
– केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर और बड़खल विधायक धनेश अदलखा ने सेक्टर-46 में किया विकास कार्यों का शुभारंभ, करोड़ों रुपये की परियोजनाओं को मिली सौगात
फरीदाबाद, 30 अगस्त।
केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि फरीदाबाद में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है और बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य तथा कनेक्टिविटी से जुड़ी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने यह बात आज सेक्टर-46 में आयोजित विकास कार्यों के शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान कही।
केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने आज सेक्टर-46 और मेवला महाराज पुर में विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ किया। उनके साथ और बड़खल विधायक धनेश अदलखा भी मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने करीब सवा दो करोड़ रुपये की लागत से कम्युनिटी सेंटर के सौंदर्यीकरण तथा 35 लाख रुपये की लागत से गांव मेवला महराजपुर में पांच ट्यूबवेल के निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया। इन विकास कार्यों के पूरा होने से क्षेत्रवासियों को बेहतर सामुदायिक सुविधाएं उपलब्ध होने के साथ-साथ पेयजल व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
बिजली व्यवस्था को लेकर केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि फरीदाबाद के विभिन्न क्षेत्रों में बिजली की बार-बार होने वाली कटौती की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कार्य शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि 11 हजार केवी की बिजली लाइनों को भूमिगत करने की योजना पर काम किया जा रहा है, जिससे पेड़ों की कटाई-छंटाई, तार टूटने और लाइन में खराबी के कारण होने वाले ब्रेकडाउन की समस्या काफी हद तक समाप्त होगी तथा लोगों को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को ट्रांसफार्मर, बिजली की तारों और अन्य आवश्यक कार्यों से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सेक्टर-45 के अर्बन हेल्थ सेंटर को अस्पताल में परिवर्तित किया गया है, जहां जांच, प्रसव, ऑपरेशन सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। गरीब एवं जरूरतमंद लोगों के लिए डायलिसिस सेंटर तथा पीपीपी मॉडल के माध्यम से किफायती कार्डियक सेंटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है।उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बड़े टाउन पार्क की आवश्यकता को देखते हुए उपलब्ध कमर्शियल साइट को टाउन पार्क के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। स्वीकृति मिलने के बाद यहां वॉकिंग ट्रैक, हरियाली, लाइटिंग, फव्वारे तथा अन्य जनसुविधाओं से युक्त सुंदर टाउन पार्क विकसित किया जाएगा, जिसका लाभ बच्चों, बुजुर्गों और युवाओं सहित सभी वर्गों को मिलेगा।
केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि फरीदाबाद की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार लगातार कार्य कर रही हैं। दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम तथा जेवर एयरपोर्ट से बेहतर कनेक्टिविटी विकसित होने से फरीदाबाद के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि शहर के विकास के लिए सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी महत्वपूर्ण है और इन तीनों क्षेत्रों को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आश्रम से फरीदाबाद तक कनेक्टिविटी बेहतर करने के साथ-साथ फरीदाबाद को नोएडा, गाजियाबाद, लोनी, ट्रोनिका सिटी तथा देहरादून एक्सप्रेसवे से जोड़ने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। बेहतर कनेक्टिविटी से रोजगार, उद्योग, व्यापार और निवेश के अवसर बढ़ेंगे।
उन्होंने कहा कि फरीदाबाद के रेलवे स्टेशनों का आधुनिक तरीके से विकास किया जा रहा है और आने वाले समय में रेल कनेक्टिविटी और बेहतर होगी। फरीदाबाद उनकी जन्मभूमि है और शहर के विकास के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने नगर निगम और बिजली विभाग के अधिकारियों को क्षेत्रवासियों की समस्याओं पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने तथा विकास कार्यों को तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
बड़खल विधायक धनेश अदलखा ने कहा कि मेवला महाराजपुर सहित बड़खल विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जा रहे हैं। मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री चौधरी कृष्ण पाल गुर्जर के मार्गदर्शन और सहयोग से क्षेत्र की महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं को गति मिली है। मेवला महाराजपुर में 100 गज के मकानों की पेयजल समस्या के समाधान का लक्ष्य 10 अक्टूबर है, जबकि स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत, जर्जर बिजली तारों को बदलने और सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सेक्टर-46 के कम्युनिटी सेंटर में करीब 2.25 करोड़ रुपये की लागत से रेनोवेशन एवं सौंदर्यीकरण कार्य शुरू किया गया है। पहले चरण में करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से क्षेत्र के 144 पार्कों की बाउंड्री और फुटपाथ का कार्य कराया गया है तथा दूसरे चरण में लाइटिंग, टाइलिंग और अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि ग्रीनफील्ड क्षेत्र को नगर निगम को हैंडओवर कराने तथा ग्रीनफील्ड से सेक्टर-45 को जोड़ने के लिए पुलिया निर्माण हेतु भूमि उपलब्ध कराने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों का उद्देश्य बड़खल विधानसभा क्षेत्र को आधुनिक, स्वच्छ एवं सुविधायुक्त बनाना है।
इस अवसर पर नगर निगम पार्षद, आरडब्ल्यूए पदाधिकारी तथा क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

