IPL 2018, KKR vs DD: ‘घर’ वापसी पर गौतम गंभीर का होगा स्वैग से स्वागत?
लगातार दो हार झेल चुकी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की दो बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स के सामने लीग के 11वें संस्करण में आज रात आठ बजे पूर्व कप्तान गौतम गंभीर की कप्तानी वाली दिल्ली डेयरडेविल्स से पार पाने की चुनौती होगी. गंभीर ने कोलकाता को 2012 और 2014 में चैंपियन बनाया था और लेकिन इस बार लीग के 11वें संस्करण में वह दिल्ली के कप्तान हैं.
वास्तव में एक तरह से ईडेन गॉर्डन में लौटना गौतम गंभीर के लिए घर वापसी की तरह होने जा रहा है. यह देखना रुचिकर होगा कि कोलकाता में क्रिकेट की दीवानी जनता से गंभीर को अब दूसरी टीम का नेतृत्व करने पर कैसी प्रतिक्रिया मिलती है. और सवाल यह भी है कि क्या इस वाल ईडेन गौतम को पहले की तरह ही रास आएगा. मतलब जीत का स्वाद चख चुकी दिल्ली को ईडन पर भी जीत का दीदार होगा.
दिल्ली के लिए अच्छी बात यह है कि यह टीम अपने पिछले मुकाबले में तीन की चैंपियन मुंबई इंडियंस को आखिरी गेंद पर सात विकेट से हराकर जीत की पटरी पर लौट चुकी हैं. वहीं कोलकाता पहला मैच जीतने के बाद अगले दो मैच हारकर जीत की पटरी से उतर चुकी है. दिनेश कार्तिक की कप्तानी वाली कोलकाता के सामने सबसे बड़ी चुनौती दिल्ली के ओपनर जैसन रॉय को रोकने की होगी जिन्होंने पिछले मुकाबले में मुंबई के खिलाफ छह चौकों और छह छक्कों से 53 गेंदों पर 91 रन की नाबाद पारी खेलकर दिल्ली को लीग में पहली जीत दिलाई थी. कोलकाता के लिए चिंता की बात यह है कि उसके अगर बल्लेबाज चलते हैं तो गेंदबाज विफल रहते हैं और अगर गेंदबाज चलते हैं बल्लेबाज असफल रहते हैं.
टीम चेन्नई सुपर किग्स के खिलाफ 202 रनों का बचाव करने में विफल रही थी जबकि सनराइजर्स के खिलाफ उसके बल्लेबाज 138 रन ही बना सके थे. वहीं दूसरी तरफ दिल्ली की टीम लीग में अपना खाता खोल चुकी है और इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा है। दिल्ली के बल्लेबाज फार्म में लौट चुके हैं. दिल्ली के लिए गेंदबाजी अभी भी परेशानी का सबब बना हुआ है. दिल्ली के गेंदबाज तीन मैच में अब तक विफल रहे हैं.
तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी अपने घरेलू मामले के कारण अब घर लौटेंगे. दिल्ली और कोलकाता ने एक दूसरे के खिलाफ अब तक कुल 20 मुकाबले खेले हैं जिसमें कोलकाता ने 12 और दिल्ली ने आठ मैच जीते हैं. दोनों संभावित टीमें इस प्रकार हो सकती हैं:
कोलकाता नाइट राइडर्स: दिनेश कार्तिक (कप्तान), क्रिस लिन, सुनील नारायण, रॉबिन उथप्पा, नितीश राणा, शुबमन गिल, आंद्रे रसैल शिवम मावी, मिशेल जॉनसन, पीयूष चावला, कुलदीप यादव
दिल्ली डेयर डेविल्स: गौतम गंभीर (कप्तान), जैसन रॉय, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ग्लेन मैक्सेवल, श्रेयस अय्यर, विजय शकंर, डैन क्रिस्टियन/क्रिस मौरिस, राहुल तेवतिया, शहबाज नदीम, मोहम्मद शमी, ट्रेंट बाउल्ट

