योगी सरकार ने उन्नाव रेप केस के आरोपी बीजेपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर की ‘Y’ कैटेगरी सुरक्षा वापस ली
उत्तर प्रदेश के उन्नाव में नाबालिग से रेप के आरोपी और बांगरमऊ से बीजेपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर की सुरक्षा यूपी सरकार ने वापस ले ली है. सरकार ने रेप के आरोप में जेल में बंद कुलदीप सिंह सेंगर की वाई केटेगरी सुरक्षा को वापस ले लिया है. गौरतलब है कि सीबीआई ने कुलदीप सिंह सेंगर को गिरफ्तार किया है.
इससे पहले इलाहाबाद हाईकोर्ट ने फटकार लगाते हुए आरोपी विधायक की गिरफ्तारी का आदेश दिया था. साथ ही अदालत ने राज्य सरकार से 2 मई तक प्रगति रिपोर्ट सौंपने के लिए कहा था. गुरुवार को हाईकोर्ट ने इस मामले में आरोपी विधायक के खिलाफ कार्रवाई न होने पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा था कि वह अपने आदेश में राज्य में कानून व्यवस्था चरमराने का जिक्र करने को मजबूर होगी.
विधायक कुलदीप सेंगर के ख़िलाफ़ दर्ज एफआईआर में आईपीसी की धारा 363 (अपहरण), 366 (अपहरण कर शादी के लिए दवाब डालना), 376 (बलात्कार), 506(धमकाना) और पॉस्को एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है.
पीड़िता के अनुसार आरोपी विधायक ने उसके साथ पिछले साल जून में रेप किया था. वह तब से ही आरोपी विधायक को सजा दिलाने के लिए और इंसाफ के लिए हर संभव कोशिश कर रही थी. गौरतलब है कि बीते दिनों पीड़ित युवती ने को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आवास के बाहर आत्मदाह करने की कोशिश की थी. युवती ने अपने पिता के साथ विधायक के भाई द्वारा की गई मारपीट के विरोध में यह कदम उठाया था. हालांकि पुलिस ने बाद में पीड़िता के पिता के साथ मारपीट के मामले में आरोपी विधायक के भाई को गिरफ्तार कर लिया था.

