विदेश हिंदी न्यूज़ 

प्रदर्शन के बाद आर्मेनिया के प्रधानमंत्री सरकिसियान ने दिया इस्तीफा, कहा : मैं गलत था

आर्मेनिया के प्रधानमंत्री सर्झ सरकिसियान ने उनके निर्वाचन के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन के बाद आज अपने पद से इस्तीफा दे दिया। विपक्ष ने उनके प्रधानमंत्री बनने को खुलेआम सत्ता हथियाना करार दिया था।

उनकी प्रेस सेवा द्वारा जारी बयान में सरकिसियान ने कहा , ‘‘ मैं देश के नेता का पद छोड़ रहा हूं। ’’

कुछ ही दिन पहले उन्होंने प्रधानमंत्री का पदभार संभाला था।

सरकिसियान ने प्रदर्शनों के नेता की ओर इशारा करते हुए कहा , ‘‘ निकोल पाशिनयान सही थे। मैं गलत था। ’’

एक दशक तक राष्ट्रपति रहने के बाद सरकिसियान को पिछले हफ्ते प्रधानमंत्री चुना गया था । विपक्ष ने कहा कि नयी संसदीय प्रणाली की सरकार में उनके शासन का विस्तार करने के लिए ऐसा किया गया।

वर्ष 2015 में संविधान में संशोधन कर सत्ता की बागडोर राष्ट्रपति के हाथ से लेकर प्रधानमंत्री के हाथों में सौंप दी गयी थी।

सरकिसियान पहली बार 2008 में राष्ट्रपति निर्वाचित हुए थे। वह 2013 में फिर राष्ट्रपति निर्वाचित हुए। उनका दूसरा कार्यकाल नौ अप्रैल को समाप्त हुआ था।

Related posts

Translate »