Uncategorized 

नवोन्मेषी प्रौद्योगिकी से नये भारत के सपने को पूरा करने में मदद मिलेगी: गडकरी

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने आज कहा कि नवोन्मेषी प्रौद्योगिकी तथा माडल से प्रधानमंत्री के नये भारत के सपने को पूरा करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि ये प्रौद्योगिकी तथा माडल भ्रष्टाचार मुक्त है।

अटल इनोवेशन मिशन ( एआईएम ) के तहत अटल न्यू इंडिया चैलेंज की शुरूआत के मौके पर सड़क , परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री ने कहा कि उनका मंत्रालय परिवहन संबंधी बुनियादी ढांचे के लिये अलग से किये जाने वाले शोध को प्रायोजित करने को तैयार है।

पांच मंत्रालयों के सहयोग से अटल न्यू इंडिया चैलेंज को चलाया जाएगा। इसके तहत बाजार के लिये तैयार उत्पादों को अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी के जरिये डिजाइन करने को लेकर अटल इनोवेशन मिशन (एआईएम) संभावित नवप्रवर्तनकर्ताओं :एमएसएमई: स्टार्टअप को आमंत्रित करेगा।

इसके लिये जलवायु अनुकूल स्मार्ट खेती, स्मार्ट परिवहन, कचरा प्रबंधन जैसे 17 क्षेत्रों को चिन्हित किया गया है जिस पर जोर दिया जाएगा।

इस चुनौती के तहत उम्दा विचारों को एक करोड़ रुपये तक का अनुदान और दिया जाएगा।

नीति आयोग के उपाध्यक्ष राजीव कुमार ने कहा कि एआईएम पूरी तरह अनूठी और नवोन्मेषीय माडल पर आधारित है। इस कार्यक्रम का संचालन नीति आयोग कर रहा है।

आयोग के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अमिताभ कांत ने कहा कि सड़क परिवहन, रेलवे तथा कृषि जैसे भागीदार मंत्रालयों के साथ गहन विचार विमर्श और चर्चा के बाद चुनौतियों का चयन किया गया है।

कांत ने कहा, ‘‘अटल न्यू इंडिया चैलेंज नवोन्मेषी कार्यक्रम हैं …इससे देश से जुड़ी समस्याओं के समाधान में मदद मिलेगी।’’

इसमें चुने गये विचारों को अनुदान, संरक्षण और जरूरत के अनुसार अन्य समर्थन भी उपलब्ध कराया जाएगा।

Related posts

Leave a Comment

Translate »