राष्ट्रीय हिंदी न्यूज़ 

राहुल ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश, बोले अब सभी चुनाव जीतेगी कांग्रेस

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने डोकलाम, नोटबंदी, जीएसटी, बेरोजगारी, ‘दलितों अल्पसंख्यकों एवं महिलाओं पर अत्याचार’, न्यायपालिका और किसानों के मुद्दों को लेकर आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा और साथ ही यह दावा किया कि आने वाले सभी विधानसभा चुनावों और अगले साल के लोकसभा चुनाव में उनकी पार्टी जीत हासिल करेगी।

पार्टी की ‘जन आक्रोश’ रैली में राहुल ने कहा कि राष्ट्र रूपी इमारत में कांग्रेस उस पानी की तरह है जिसकी बदौलत इमारत की नींव मजबूत बनी रहती है।

कर्नाटक चुनाव के बाद कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जाने की घोषणा करने वाले राहुल ने कहा, ‘‘आने वाले समय में हम कर्नाटक चुनाव जीतेंगे। इसके बाद मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में जीतेंगे। कांग्रेस अगले साल लोकसभा चुनाव भी जीतेगी।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी चीन के सामने खड़े नहीं हो सके और चीनी राष्ट्रपति के साथ अपनी मुलाकात में डोकलाम के मुद्दे पर वह एक शब्द नहीं बोल पाए।

राहुल गांधी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद और अहम चुनावों के पहले पार्टी को मुश्किल में डालने वाले बयान देने वाले नेताओं को आज इशारों-इशारों में नसीहत भी दी कि जब पार्टी आरएसएस के खिलाफ लड़ाई लड़ रही है तो सबको मिलकर प्रयास करना होगा।

राहुल गांधी ने यह भी कहा कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद वह 10-15 दिनों के लिए कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जाएंगे।

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने नरेंद्र मोदी सरकार पर वादों को पूरा करने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश का लोकतंत्र खतरे हैं और ऐसे में कांग्रेस के सभी कार्यकर्ता देश को बेहतर बनाने में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का सहयोग करें।

‘जन आक्रोश’ रैली में सिंह ने कहा, ‘मोदी सरकार अपने हर वादे को पूरा करने में विफल रही है। चार साल पहले जो वादे किए थे वो आज तक पूरे नहीं हुए। मोदी सरकार जिस तरह से काम कर रही है इससे देश में लोकतंत्र के लिए खतरा पैदा हो गया है। ’’

इस रैली में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार पर सभी मोर्चों पर विफल रहने का आरोप लगाते हुए आज कहा कि देश बड़ी तेजी से बदलाव की ओर बढ़ रहा है और आगे ‘परिवर्तन की आंधी के आसार हैं’।

सोनिया ने कहा, ‘‘आप (कार्यकर्ता) जिस उत्साह के साथ भारी तादाद में यहां आए हैं, यह साबित करता है कि अब हम बदलाव की तरफ़ तेज़ी से बढ़ रहे हैं, देश में परिवर्तन की आंधी के आसार हैं।’’

प्रधानमंत्री मोदी पर भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर चुप्पी साधने का आरोप लगाते हुए राहुल ने कहा कि नौजवानों को अब मोदी की बातों पर विश्वास नहीं रहा।

राहुल ने कहा, ‘‘पिछले चार साल में मोदी जी ने देश को बेरोजगारी दी, भाजपा के विधायकों ने महिलाओं पर अत्याचार किए, मोदी ने ‘गब्बर सिंह टैक्स’ दिया और वह चीन के सामने खड़े नहीं हो पाए।’’

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘देश के सामने बहुत बड़ी समस्याएं हैं। किसान सबसे ज्यादा परेशान हैं। मोदी जी 15 सबसे बड़े उद्योगपतियों का ढाई लाख करोड़ रुपये का कर्ज माफ कर सकते हैं, लेकिन वह किसानों का एक रुपये का भी कर्ज माफ नहीं कर सकते। मैंने उनसे कहा था कि आप किसानों का कर्ज माफ करो, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया।’’

राहुल ने आरोप लगाया, ‘‘दलितों, आदिवासियों और अल्पसंख्यकों पर अत्याचार हो रहा है। रोहित वेमुला आवाज उठाते हैं उनको मार दिया जाता है। ऊना में दलितों को पीटा जाता है और नरेंद्र मोदी एक शब्द नहीं बोलते।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कहते थे कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ। पिछले 70 वर्षों में पहली बार भारत के किसी प्रधानमंत्री को विदेश में सीधे बोला गया कि आप हिंदुस्तान की महिलाओं की रक्षा नहीं कर रहे हो और महिलाओं पर आपके लोग हमला कर रहे हैं। उन्नाव में इनके विधायक पर बलात्कार का आरोप लगता है और जम्मू-कश्मीर में छोटी बच्ची से बलात्कार होता है पर प्रधानमंत्री कुछ नहीं बोलते।’’

प्रधानमंत्री की हालिया चीन यात्रा का उल्लेख करते हुए राहुल ने कहा, ‘‘भारत के प्रधानमंत्री और चीन के राष्ट्रपति चाय की चुस्की ले रहे हैं। बिना एजेंडा के चर्चा होती है। पहले गुजरात में मोदी जी और चीन के राष्ट्रपति झूला झूले और बिना एजेंडे की बात हुई । डोकलाम में चीन की सेना घुसी हुई है, चीन हेलीपैड बना रहा है, अपनी सेना वहां लगाए हुए है और भारत के प्रधानमंत्री वहां बिना एजेंडे की बातचीत कर रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘डोकलाम के बारे में हमारे प्रधानमंत्री ने चीन में एक शब्द नहीं बोला। 70 साल में भारत के किसी प्रधानमंत्री ने ऐसा कभी नहीं किया। यही वजह है कि आज भारत की जनता में गुस्सा है।’’

राहुल ने कहा, ‘‘ भाजपा और आरएसएस के लोग नफरत पैदा करने की कोशिश करते हैं, लेकिन यह देश प्यार पसंद करता है। इस देश को आगे लेकर जाना है तो ऐसा प्यार से किया जा सकता है। कांग्रेस ने देश को एक साथ जोड़ कर आगे बढ़ाने का काम किया है।’’

राहुल ने यह भी कहा कि उनके नेतृत्व वाली कांग्रेस में बुजुर्ग और युवा नेताओं को सम्मान मिलेगा।

राफेल सौदे में कथित ‘घोटाले’ का जिक्र करते हुए राहुल ने कहा, ‘‘सेना के लोग कहते हैं कि हथियार के लिए हमारे पास पैसा नहीं है। लेकिन मोदी पेरिस जाते हैं, बिना किसी से पूछे राफेल सौदे का कांट्रैक्ट बदल देते हैं और विमान की कीमत दोगुनी कर देते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मोदी जी राफेल से जुड़ा कांट्रैक्ट हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड से छीनकर अपने एक उद्योगपति मित्र को दे देते हैं। उनके इस उद्योगपति मित्र पर 45 हजार करोड़ रुपये का कर्ज है लेकिन नरेंद्र मोदी पर कोई फर्क नहीं पड़ता।’’

रेल मंत्री पीयूष गोयल का हवाला देते हुए राहुल ने कहा, ‘पहली बार एक बिजली मंत्री एक बिजली कम्पनी को, अपनी कम्पनी को बेचता है और मोदी जी के मुंह से एक शब्द नहीं निकलता।”

डायमंड कारोबारी नीरव मोदी घोटाले के संदर्भ में उन्होंने कहा कि देश के चौकीदार ने नीरव मोदी के खिलाफ एक शब्द नहीं बोला।

उन्होंने कहा, ‘अमित शाह का पुत्र 50 हजार रुपये के कारोबार को तीन महीने में 80 करोड़ रूपये के कारोबार में बदल देता है, लेकिन देश के चौकीदार के मुंह से एक शब्द नहीं निकलता।’

राहुल ने कहा, ‘‘आमतौर पर जनता न्याय मांगने के लिए जज के पास जाती है, लेकिन पहली बार चार जज न्याय मांगने जनता के पास आए और कहा कि कोर्ट पर दबाव डाला जा रहा है और नरेंद्र मोदी जी इस पर भी चुप रहते हैं।’’

उन्होंने कहा कि न्यायाधीश बी एच लोया की मौत पर भी प्रधानमंत्री ने चुप्पी साध ली।

उन्होंने दावा किया, ‘‘चुनाव आयोग, आईआईटी, आईआईएम और दूसरी सभी संस्थाओं में आरएसएस के लोग भरे जा रहे हैं। हर मंत्री का ओएसडी आरएसएस का व्यक्ति है। सभी संस्थाओं को खराब किया जा रहा है।’’

इस बीच, भीषण गर्मी के बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं के जोश में कोई कमी नहीं आई और वे लगातार नारेबाजी करते रहे।

इस रैली में मनमोहन, सोनिया और राहुल के अलावा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोतीलाल बोरा, अशोक गहलोत, गुलाम नबी आजाद, आनंद शर्मा, सुशील कुमार शिंदे, अहमद पटेल, अंबिका सोनी, मोहसिना किदवई, ज्योतिरादित्य सिंधिया, मुकुल वासनिक, हरीश रावत, रणदीप सुरजेवाला और कई अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

Related posts

Translate »