NEWS & PRESS RELEASE NEWS CATEGORIES राष्ट्रीय 

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फरीदाबाद द्वारा 16 नवंबर तक मनाया जा रहा विधिक सेवा सप्ताह

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फरीदाबाद द्वारा 16 नवंबर तक मनाया जा रहा विधिक सेवा सप्ताह

– विद्यालयों, बाल देखभाल संस्थानों, ग्राम पंचायतों एवं झुग्गी-बस्तियों में आयोजित किए जा रहे जागरूकता कार्यक्रम

फरीदाबाद, 10 नवंबर।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फरीदाबाद द्वारा 9 नवंबर से 16 नवंबर 2026 तक विधिक सेवा सप्ताह मनाया जा रहा है। यह आयोजन जगदीप सिंह, जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फरीदाबाद के कुशल मार्गदर्शन तथा जितेंद्र सिंह, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी-सह-सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फरीदाबाद की देखरेख में किया जा रहा है।

विधिक सेवा सप्ताह के अंतर्गत जिले के विभिन्न सरकारी विद्यालयों, बाल देखभाल संस्थानों, ग्राम पंचायतों तथा झुग्गी-बस्तियों में कानूनी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में 9 नवंबर को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, ओल्ड फरीदाबाद, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-28, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, अंखीर, बाल देखभाल संस्थान, करम मार्ग, गांव भूपानी, ग्राम पंचायत गांव मोटूका, भुआपुर तथा एसजीएम नगर स्थित झुग्गी-बस्ती में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 10 नवंबर को राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सराय ख्वाजा, 11 नवंबर को राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-55, 12 नवंबर को राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, एनआईटी नंबर-5, 13 नवंबर को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मेवला महाराजपुर तथा 16 नवंबर को राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बल्लभगढ़ में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इन कार्यक्रमों के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैनल अधिवक्ताओं द्वारा विद्यार्थियों, शिक्षकों, महिलाओं, झुग्गी-बस्तियों में रहने वाले लोगों तथा समाज के वंचित एवं कमजोर वर्गों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। पैनल अधिवक्ताओं द्वारा सरल भाषा में निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करने के अधिकार, भारतीय संविधान द्वारा प्रदत्त मौलिक अधिकारों तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की भूमिका एवं कार्यों की जानकारी दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि लोगों को बताया जा रहा है कि आर्थिक रूप से कमजोर, जरूरतमंद एवं पात्र व्यक्ति जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें अपने अधिकारों और उपलब्ध कानूनी सुविधाओं के प्रति जागरूक रहना चाहिए।

विधिक सेवा सप्ताह का मुख्य उद्देश्य आमजन, विशेषकर विद्यार्थियों, महिलाओं, बच्चों तथा समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों तक न्याय संबंधी जानकारी पहुंचाना और उन्हें उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना है, ताकि कोई भी व्यक्ति आर्थिक अथवा सामाजिक परिस्थितियों के कारण न्याय प्राप्त करने से वंचित न रहे।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फरीदाबाद का निरंतर प्रयास है कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक न्याय एवं निःशुल्क कानूनी सहायता की जानकारी पहुंचे और प्रत्येक व्यक्ति को समान रूप से न्याय प्राप्त करने का अवसर उपलब्ध हो।

Related posts

Translate »