NEWS & PRESS RELEASE NEWS CATEGORIES राष्ट्रीय 

भारत की सबसे बड़ी ताकत है युवा : कृष्णपाल गुर्जर

भारत की सबसे बड़ी ताकत है युवा शक्ति, युवाओं से ही बनेगा विकसित भारत: कृष्णपाल गुर्जर

– ‘फिट इंडिया’ और ‘खेलो इंडिया’ से बढ़ावा मिल रही स्वस्थ जीवनशैली: प्रवीण बत्रा जोशी

– भारत के युवा विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में रच रहे नई सफलता की कहानी

– फरीदाबाद में वर्षों से चल रहे सांसद खेलकूद प्रतियोगिता, युवाओं को मिल रहा प्रतिभा प्रदर्शन का मंच

– खेल युवाओं को स्वस्थ, अनुशासित और नशे से दूर रखने का सशक्त माध्यम

– राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में मानव रचना यूनिवर्सिटी, नेहरू कॉलेज और अग्रवाल कॉलेज में आयोजित हुआ ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम

फरीदाबाद, 27 अगस्त।
भारत सरकार में केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि यह अभियान विकसित भारत के निर्माण की दिशा में युवा शक्ति को संगठित करने वाला ऐतिहासिक जन आंदोलन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लाल किले से रखी गई विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने में स्वस्थ, सशक्त और जागरूक युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से “खेलो इंडिया संवाद” कार्यक्रम के जरिए देश के लाखों युवाओं को ‘नशा मुक्त युवा’ बनकर खेलों के प्रति समर्पित होने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने भारत के खेल इकोसिस्टम में आए बदलावों पर प्रकाश डालते हुए एक फिट, अनुशासित और खेल-प्रेमी राष्ट्र बनाने के विजन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। प्रधानमंत्री ने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर खेलों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने और 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य पर मानव रचना यूनिवर्सिटी, नेहरू कॉलेज और अग्रवाल कॉलेज में आयोजित हुआ ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम
राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य पर मानव रचना यूनिवर्सिटी, नेहरू कॉलेज और अग्रवाल कॉलेज में आयोजित हुआ ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। मानव रचना इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ रिसर्च एंड स्टडीज में आयोजित “खेलो इंडिया संवाद” कार्यक्रम में भारत सरकार में केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर, सेक्टर- 16 स्थित नेहरू कॉलेज में आयोजित “खेलो इंडिया संवाद” में नगर निगम मेयर प्रवीण बत्रा जोशी तथा अग्रवाल कॉलेज बल्लभगढ़ में ‘यूनिक ऑटो रबर उद्योग प्राइवेट लिमिटेड’ के मैनेजिंग डायरेक्टर रविंदर गर्ग और फेंसिंग (तलवारबाजी) की स्थानीय खिलाड़ी पलक ‘गेस्ट ऑफ़ ऑनर’ के तौर पर मौजूद रहीं।

भारत की सबसे बड़ी ताकत है युवा शक्ति, युवाओं से ही बनेगा विकसित भारत
केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा युवा देश है और लगभग 65 प्रतिशत आबादी 35 वर्ष से कम आयु की है। यही युवा शक्ति भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी युवाओं की भूमिका को लगातार महत्वपूर्ण बताते रहे हैं और पिछले लगभग 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने उनकी प्रतिभा एवं ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के लिए अनेक योजनाएं शुरू की हैं। स्किल इंडिया, डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और मुद्रा लोन के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज देश में स्टार्टअप की संख्या 3 लाख से अधिक हो गई है, जिससे युवा रोजगार मांगने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बन रहे हैं। वहीं, मुद्रा लोन के माध्यम से युवा स्वरोजगार एवं छोटे व्यवसाय शुरू कर आत्मनिर्भर बन रहे हैं।

भारत के युवा विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में रच रहे नई सफलता की कहानी
केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि भारत का युवा विज्ञान और तकनीक, विशेषकर स्पेस टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है और आज सैकड़ों स्टार्टअप युवाओं द्वारा शुरू किए गए हैं। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं में प्रतिभा, क्षमता और कुछ नया करने का जज्बा है तथा उन्हें अपनी ऊर्जा का उपयोग वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में करना चाहिए। उन्होंने कहा कि गांवों, कस्बों और दूर-दराज के क्षेत्रों में अनेक खेल प्रतिभाएं छिपी हैं, जिन्हें उचित अवसर और सुविधाएं देकर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना जरूरी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से खेलो इंडिया जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से देशभर की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।

– फरीदाबाद में वर्षों से चल रहे सांसद खेलकूद प्रतियोगिता, युवाओं को मिल रहा प्रतिभा प्रदर्शन का मंच
केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी भारत में कराने का प्रयास देश के युवाओं के लिए बड़ा अवसर है। उन्होंने कहा कि आज के 5 से 15 वर्ष के बच्चे उस समय 15 से 25 वर्ष के युवा होंगे और ओलंपिक, राष्ट्रमंडल, एशियन गेम्स तथा पैरा ओलंपिक जैसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में भारत का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सांसदों से अपने लोकसभा क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाने और हर वर्ष सांसद खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित करने का आह्वान किया है। फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र में भी पिछले लगभग आठ वर्षों से तीन दिवसीय सांसद खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है, जिसमें बच्चों और युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है।

खेल युवाओं को स्वस्थ, अनुशासित और नशे से दूर रखने का सशक्त माध्यम
केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि खेलों का महत्व केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं है, बल्कि ये युवाओं को स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा देते हैं तथा उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखते हैं। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर पूरी मेहनत, लगन और समर्पण के साथ उसे प्राप्त करने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता और लक्ष्य की प्राप्ति के लिए स्वयं को पूरी तरह समर्पित करना ही सफलता का मूल मंत्र है। उन्होंने युवाओं से विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान किया।

– ‘फिट इंडिया’ और ‘खेलो इंडिया’ से बढ़ावा मिल रही स्वस्थ जीवनशैलीप्रवीण बत्रा जोशी
महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य और फिटनेस तक सीमित नहीं हैं, बल्कि युवाओं के संपूर्ण व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। नियमित खेलों से युवाओं का शारीरिक एवं मानसिक विकास बेहतर होता है तथा उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की योग्यता और टीम भावना जैसे गुण विकसित होते हैं। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने और चुनौतियों का सामना करने की प्रेरणा देते हैं। खेलों के माध्यम से युवा अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का सही दिशा में उपयोग कर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। महापौर ने कहा कि केंद्र सरकार खेलों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। ‘खेलो इंडिया’ जैसी पहल से जमीनी स्तर की खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और प्रतियोगिताओं के अवसर दिए जा रहे हैं, जिससे खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहे हैं। उन्होंने युवाओं से शिक्षा के साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने और फिटनेस को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ‘फिट इंडिया’ और ‘खेलो इंडिया’ का उद्देश्य स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देना है। स्वस्थ, अनुशासित और आत्मविश्वासी युवा ही विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

इस अवसर पर पैरालंपिक खिलाड़ी सिंहराज अधाना ने युवाओं के साथ अपने जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने तथा खेलों में सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल न केवल स्वस्थ जीवनशैली अपनाने में मदद करते हैं, बल्कि युवाओं को अनुशासन, आत्मविश्वास और सफलता की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देते हैं।

इस अवसर पर एडीसी अंजलि श्रोत्रिया, डीआईपीआरओ मूर्ति दलाल, डीआईओ विपिन गुप्ता, जिला युवा अधिकारी प्रियंका मलिक, एनआईएस-कोच और निशानेबाज मोनू कुमार, सहित अन्य कार्य गणमान्य व्यक्तिगण मौजूद रहे।

Related posts

Translate »