युवाओं को नशे से दूर रखने में फरीदाबाद हाफ मैराथन निभाएगी अहम भूमिका : एडीसी अंजलि श्रोत्रिया*
*
*– विद्यार्थियों का पंजीकरण महज औपचारिकता नहीं, सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़ने का अवसर*
*– फरीदाबाद हाफ मैराथन-2026 में 5, 10 और 21 किलोमीटर की श्रेणियां उपलब्ध*
*– हाफ मैराथन केवल विद्यार्थियों के लिए नहीं, हर वर्ग के नागरिक करें भागीदारी*
*– फरीदाबाद हाफ मैराथन में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागी आधिकारिक पोर्टल https://faridabadhalfmarathon.in/ पर करें पंजीकरण*
फरीदाबाद, 25 अगस्त।
अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) अंजलि श्रोत्रिया ने कहा कि फरीदाबाद हाफ मैराथन-2026 केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि युवाओं को नशे से दूर रखने और समाज में स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा एक महत्वपूर्ण सामाजिक अभियान है। उन्होंने जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों तथा आईटीआई सहित अन्य शैक्षणिक संस्थानों से आह्वान किया कि वे अपने विद्यार्थियों की अधिक से अधिक संख्या में मैराथन के लिए पंजीकरण करवाएं और उन्हें इस सामाजिक मुहिम का हिस्सा बनने के लिए प्रेरित करें।
*विद्यार्थियों का पंजीकरण महज औपचारिकता नहीं, सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़ने का अवसर*
एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित बैठक में कहा कि विद्यार्थियों की भागीदारी इस आयोजन की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का पंजीकरण करवाना केवल एक औपचारिकता नहीं है, बल्कि उन्हें स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने का अवसर है। उन्होंने कहा कि आज के समय में युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति चिंता का विषय है। ऐसे में ‘ड्रग फ्री हरियाणा’ जैसे सामाजिक संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में फरीदाबाद हाफ मैराथन महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने सभी संस्थानों से कहा कि वे अपने कॉलेज एवं विश्वविद्यालय के व्हाट्सऐप ग्रुप, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, फेसबुक पेज तथा अन्य माध्यमों से मैराथन का प्रचार-प्रसार करें और विद्यार्थियों को इस सामाजिक अभियान में भाग लेने के लिए प्रेरित करें।
*फरीदाबाद हाफ मैराथन-2026 में 5, 10 और 21 किलोमीटर की श्रेणियां उपलब्ध*
उन्होंने बताया कि फरीदाबाद हाफ मैराथन-2026 के लिए पंजीकरण पोर्टल पर अलग-अलग श्रेणियां उपलब्ध हैं। इनमें 5 किलोमीटर रन विद्यार्थियों के लिए, 10 किलोमीटर रन तथा 21 किलोमीटर हाफ मैराथन शामिल हैं। विद्यार्थियों को 5 किलोमीटर रन में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, जबकि 10 किलोमीटर रन के लिए 200 रुपये तथा 21 किलोमीटर हाफ मैराथन के लिए 300 रुपये पंजीकरण शुल्क निर्धारित किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शैक्षणिक संस्थानों द्वारा विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से 5 किलोमीटर रन के पंजीकरण पर ध्यान दिया जाए।
*हाफ मैराथन केवल विद्यार्थियों के लिए नहीं, हर वर्ग के नागरिक करें भागीदारी*
उन्होंने कहा कि मैराथन में केवल विद्यार्थी ही नहीं, बल्कि शैक्षणिक संस्थानों के शिक्षक, अधिकारी एवं कर्मचारी भी पंजीकरण करवाकर इसमें भाग लें। उन्होंने कहा कि 5 किलोमीटर की दौड़ हर आयु वर्ग के व्यक्ति के लिए सहज है और इसमें भाग लेना अपने आप में एक सकारात्मक अनुभव होगा। उन्होंने प्रतिभागियों से अपील की कि वे रविवार की सुबह आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में पूरे उत्साह के साथ शामिल हों और एक स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज का संदेश दें।
*एआईएमएस प्रमाणित ट्रैक पर दौड़ेंगे प्रतिभागी, बेहतर रनिंग अनुभव के साथ मिलेगा सकारात्मक संदेश*
एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने बताया कि मैराथन का आयोजन सूरजकुंड क्षेत्र में निर्धारित ट्रैक पर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह ट्रैक एआईएमएस प्रमाणित ट्रैक है, जिससे प्रतिभागियों को सुरक्षित एवं बेहतर रनिंग अनुभव मिलेगा। उन्होंने कहा कि 5 किलोमीटर रन में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को टी-शर्ट भी उपलब्ध करवाई जाएगी तथा आयोजन के दौरान प्रतिभागियों के फोटोग्राफ उपलब्ध करवाने की भी व्यवस्था रहेगी। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल दौड़ पूरी करना नहीं, बल्कि लोगों को एकजुट कर स्वस्थ, सकारात्मक और जिम्मेदार समाज का संदेश देना है।
*फरीदाबाद हाफ मैराथन में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागी आधिकारिक पोर्टल https://faridabadhalfmarathon.in/ पर करें पंजीकरण*
एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने कहा कि मैराथन के संबंध में सभी आवश्यक जानकारी, समय, श्रेणियां एवं पंजीकरण प्रक्रिया संबंधित आधिकारिक रेजिस्ट्रेशन पोर्टल https://faridabadhalfmarathon.in/ पर उपलब्ध है। उन्होंने जिले के सभी विद्यार्थियों, युवाओं, शिक्षकों, कर्मचारियों और आम नागरिकों से आह्वान किया कि वे फरीदाबाद हाफ मैराथन-2026 का हिस्सा बनें और ‘नशामुक्त हरियाणा, स्वस्थ हरियाणा’ के संदेश को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों का एक साथ दौड़ना न केवल फरीदाबाद की एकजुटता का संदेश देगा, बल्कि युवाओं को स्वस्थ एवं सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित भी करेगा।
बैठक में सीटीएम अंकित कुमार, डीआईपीआरओ मूर्ति दलाल सहित अन्य सम्बंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।

