17 सितंबर को सेवा संपर्क अभियान के तहत आयोजित होगा दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम : एडीसी अंजलि श्रोत्रिया
17 सितंबर को सेवा संपर्क अभियान के तहत आयोजित होगा दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम : एडीसी अंजलि श्रोत्रिया
– के.एल. मेहता दयानंद कॉलेज में होगा सेवा संपर्क अभियान का जिला स्तरीय कार्यक्रम
फरीदाबाद, 14 सितंबर।
अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) अंजली श्रोत्रिया ने कहा कि ‘सेवा संपर्क अभियान’ के मॉड्यूल-वन के तहत आगामी 17 सितंबर को विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने स्तर पर कार्यक्रम एवं गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि कार्यक्रमों की रूपरेखा पहले से तैयार करते हुए निर्धारित समय के अनुसार गतिविधियों का प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया जाए।
एडीसी ने कहा कि अभियान के प्रथम मॉड्यूल के तहत जिले के विभिन्न विभागों द्वारा बड़ी संख्या में गतिविधियां आयोजित की जानी हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि वे अपने-अपने विभाग की गतिविधियों के लिए उपयुक्त स्थान निर्धारित करते हुए समयबद्ध तरीके से आयोजन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रमुख संस्थानों, कॉलेजों, अस्पतालों तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर होने वाली गतिविधियों में संबंधित संस्थानों को भी शामिल किया जाए, ताकि अभियान का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।
एडीसी ने कहा कि राजस्व विभाग अभियान में नोडल विभाग के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांवों एवं बूथ स्तर पर पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं की जानकारी और लाभ पहुंचाने के लिए आवश्यकता पड़ने पर घर-घर संपर्क अभियान भी चलाया जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी सुविधा से वंचित न रहे।
एडीसी अंजली श्रोत्रिया ने बताया कि सेवा संपर्क अभियान के तहत जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन के.एल. मेहता दयानंद कॉलेज, फरीदाबाद में किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जिला स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों को समय रहते पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित गतिविधियों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया जाए, ताकि नागरिकों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी मिल सके।
उन्होंने बताया कि अभियान के आगामी मॉड्यूल के तहत विभिन्न जागरूकता एवं सहभागिता गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इनमें ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिताओं सहित अन्य कार्यक्रम शामिल होंगे। इसके अलावा नगर निगम फरीदाबाद (MCF) द्वारा नागरिकों को उपलब्ध कराई जाने वाली विभिन्न सेवाओं के संबंध में भी निर्धारित स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन गतिविधियों की रूपरेखा तैयार कर समय पर आयोजन सुनिश्चित करें।
एडीसी ने कहा कि सेवा संपर्क अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जनभागीदारी को प्राथमिकता दी जाए। विभिन्न संस्थानों, निजी संस्थाओं तथा नागरिक समूहों को भी अभियान से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि रक्तदान जैसे सामाजिक एवं जनहितकारी कार्यक्रमों को भी अभियान की गतिविधियों में शामिल किया जा सकता है, जिससे युवाओं एवं आम नागरिकों की भागीदारी बढ़ेगी और अभियान का सामाजिक प्रभाव और अधिक व्यापक होगा।
बैठक में फरीदाबाद एसडीएम डॉ हनी बंसल, बल्लभगढ़ एसडीएम मयंक भारद्वाज, सीटीएम अंकित कुमार, डीआरओ विकास सिंह, सीएमओ डॉ जयंत आहूजा सहित अन्य सभी सम्बंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।

