खेल हिंदी न्यूज़ 

भारत को जीत की राह पर लौटाने का दारोमदार होगा बल्लेबाजों पर

पहला मैच हारने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम कल लाडर्स पर शुरू हो रहे दूसरे टेस्ट में इंग्लैंड के सामने होगी तो उसकी कोशिश अपने बल्लेबाजों के जिम्मेदाराना प्रदर्शन के दम पर जीत की राह पर लौटने की होगी । कप्तान विराट कोहली को अगर बर्मिंघम में बाकी बल्लेबाजों से सहयोग मिला होता तो हालात दीगर होते । दुनिया की नंबर एक टीम बढत लेने के करीब पहुंची थी लेकिन 31 रन से चूक गई ।भारतीय ड्रेसिंग रूम में माहौल हालांकि आत्मविश्वास से भरा है । मैच के दो दिन पहले लाडर्स पर काफी घास थी लेकिन कल पहली गेंद पड़ने से पहले इसकी छंटाई होने की उम्मीद है । यदि नहीं भी होता है तो ऐसा माना जा रहा है कि पिच सूखी ही होगी ।भारतीय खेमे को ऐसे में अपनी गेंदबाजी की रणनीति पर पुनर्विचार करना होगा । पहले टेस्ट में बल्लेबाजों के नाकाम रहने के बावजूद गेंदबाजी कोच भरत अरूण ने अतिरिक्त बल्लेबाज को उतारने की संभावना से इनकार किया । उन्होंने यह भी कहा कि दूसरे स्पिनर पर विचार हो सकता है।ऐसे में उमेश यादव को बाहर रहना पड़ सकता है क्योंकि ईशांत शर्मा, मोहम्मद शमी और हार्दिक पंड्या तेज गेंदबाजी का जिम्मा संभालेंगे ।
दूसरे स्पिनर के लिये चयन की दुविधा होगी । पिछली बार रविंद्र जडेजा ने 2014 में लाडर्स पर खेलते हुए दोनों पारियों में तीन विकेट लिये थे लेकिन दूसरी पारी में 68 रन बनाये थे जिससे भारत मैच जीतने वाला स्कोर बनाने में कामयाब रहा ।
कुलदीप यादव की भी अनदेखी नहीं की जा सकती । उसने नेट पर कप्तान कोहली को गेंदबाजी करके कई मौकों पर उन्हें परेशान किया । कप्तान ने उनकी गेंदबाजी की तारीफ की है और इंग्लैंड में कलाई की स्पिन गेंदबाजी काफी कारगर साबित हो सकती है ।
बल्लेबाजी क्रम में भी कोहली के सामने कठिन चुनौती है। कप्तान ने पहले टेस्ट में चेतेश्वर पुजारा पर शिखर धवन को तरजीह दी जिससे के एल राहुल को अंतिम एकादश में जगह मिली । तीसरे नंबर के लिये प्रयोग टीम प्रबंधन के लिये कोई नयी बात नहीं है ।

Related posts

Translate »