सामाजिक सुरक्षा योजनाएं सरकार की संवेदनशीलता का प्रतीक : सीईओ जिला परिषद शिखा
– सेवा पखवाड़ा: सेक्टर-12 लघु सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ों लाभार्थियों को मिला पेंशन प्रमाण पत्र
– जरूरतमंदों तक पहुँची पेंशन योजनाओं का लाभ, वृद्धा महिला ने जताया सरकार का आभार
फरीदाबाद, 20 सितम्बर।
उपायुक्त विक्रम सिंह के निर्देशानुसार आज जिला समाज कल्याण अधिकारी ममता शर्मा द्वारा सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय के सभागार कक्ष में सेवा पखवाड़े का आयोजन किया गया। जिसमें जिला परिषद मुख्य कार्यकारी अधिकारी शिखा बतौर मुख्यातिथि के रूप में मौजूद रही। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सेवा विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं को लोगों तक पहुंचाना था ताकि अधिक से अधिक लोग योजनाओं का लाभ ले सके।
कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में लाभार्थियों ने भाग लिया और उन्हें उनके अधिकार स्वरूप पेंशन प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इन योजनाओं के माध्यम से सरकार का उद्देश्य समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों को आर्थिक सहायता प्रदान कर उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने की दिशा में सशक्त करना है।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी शिखा अंतिल ने अपने संबोधन में कहा कि, “सामाजिक सुरक्षा योजनाएं सरकार की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं। प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक पेंशन योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही उनके द्वारा इस अवसर पर सामाजिक कल्याण विभाग की सराहना करते हुए कहा कि पेंशन योजनाओं के अंतर्गत कार्य अत्यंत सुचारु रूप से और समयबद्ध तरीके से किया जा रहा है।
कार्यक्रम में एक वृद्धा महिला ने मंच से भावुक होकर सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “अब मुझे किसी से कुछ मांगना नहीं पड़ता। सरकार ने पेंशन देकर मेरे आत्म सम्मान को लौटाया है।”
इस सेवा पखवाड़ा के दौरान प्रशासन द्वारा सतत रूप से शिविर लगाकर पेंशन आवेदन की प्रक्रिया को सरल और सुलभ बनाया गया है ताकि कोई पात्र नागरिक इन योजनाओं से वंचित न रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए और सरकार द्वारा चलाई जा रही अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई।
इस मौके पर पंकज कुमार मौर्या, अन्वेषक, प्रवीण, महावीर, करणजीत, परमजीत कौर, लीना, मनीषा व दीपक मौजूद रहे।
DIN News

