बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा हेतु फरीदाबाद में 90 दिवसीय एचपीवी टीकाकरण अभियान प्रस्तावित – एडीसी सतबीर मान
फरीदाबाद, 02 फ़रवरी।
अतिरिक्त उपायुक्त सतबीर मान की अध्यक्षता में आज उनके कार्यालय में स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रस्तावित एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य जिले में बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित करने के लिए 90 दिनों तक चलाए जाने वाले विशेष टीकाकरण अभियान की तैयारियों एवं समन्वय की समीक्षा करना था।
अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत उन बालिकाओं का टीकाकरण किया जाएगा, जिनका 14वां जन्मदिन पूर्ण हो चुका है तथा 15वां जन्मदिन अभी नहीं हुआ है। अभियान की तिथि भारत सरकार द्वारा शीघ्र निर्धारित की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों एवं संस्थाओं से इस जनहितकारी पहल में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया।
अतिरिक्त उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि टीकाकरण अभिभावकों की लिखित सहमति प्राप्त होने के उपरांत ही किया जाएगा। यह एक फैसिलिटी-आधारित अभियान होगा, जिसके तहत टीकाकरण केवल सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों जैसे PHC, CHC, UPHC एवं UHC में ही किया जाएगा, जहाँ कोल्ड चेन पॉइंट उपलब्ध हैं। वैक्सीन के लिए निर्धारित तापमान बनाए रखना अनिवार्य होने के कारण आउटरीच कैंप के माध्यम से टीकाकरण नहीं किया जाएगा।
उन्होंने आगे बताया कि सभी लाभार्थियों का पंजीकरण एवं टीकाकरण का विवरण U-WIN पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा, जिसके लिए अभिभावकों का संपर्क नंबर आवश्यक होगा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा संबंधित क्षेत्रों में सर्वेक्षण पूर्ण कर लिया गया है तथा लाभार्थियों की सूची भी तैयार कर ली गई है। इस अभियान के तहत ग्रेडासिल-4 (Gardasil-4) वैक्सीन की एकल खुराक (0.5 ml) इंट्रामस्क्युलर (I/M) मार्ग से बाएं हाथ में दी जाएगी।
अतिरिक्त उपायुक्त ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वे इस महत्वपूर्ण अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपनी बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित करने में सहयोग प्रदान करें।
बैठक में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स, जिला शिक्षा अधिकारी, सभी वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी, CDPO एवं DPO उपस्थित रहे।

