NEWS & PRESS RELEASE NEWS CATEGORIES राष्ट्रीय 

पंजाबी सिंगर गुरदास मान सूरजकुंड में बिखेरेंगे पंजाबी मां बोली का जादू

– गुरदास मान रविवार 8 फरवरी को महा स्टेज पर देंगे लाइव परफॉर्मेंस
फरीदाबाद, 6 फरवरी।
फरीदाबाद में आयोजित किए जा रहे 39वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले में इस बार सांस्कृतिक संध्याओं का आकर्षण और भी बढ़ गया है। प्रसिद्ध पंजाबी गायक एवं अभिनेता गुरदास मान अपनी सुरीली आवाज और लोकधुनों के साथ मेले में पंजाबी मां बोली का जादू बिखेरने के लिए तैयार हैं। हरियाणा पर्यटन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, मेले में पद्मश्री कैलाश खेर सहित कई नामचीन कलाकारों के साथ गुरदास मान की प्रस्तुति का भी आयोजन किया जा रहा है, जो दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होगी।

पंजाबी गायक गुरदास मान 8 फरवरी को सूरजकुंड में महा स्टेज पर अपनी लोकप्रिय रचनाओं के जरिए श्रोताओं को पंजाब की समृद्ध लोक संस्कृति से रूबरू कराएंगे। उनके गीतों में मिट्टी की खुशबू, रिश्तों की गर्माहट और जीवन के विविध रंग झलकते हैं, जो हर उम्र के श्रोताओं को भावविभोर कर देते हैं और सीधे दिलों पर दस्तक देते हैं। सूरजकुंड मेला केवल हस्तशिल्प और पारंपरिक कलाओं का संगम नहीं है, बल्कि यह देश की विविध सांस्कृतिक विरासत को एक मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर भी प्रदान करता है। ऐसे में गुरदास मान की प्रस्तुति मेले की सांस्कृतिक गरिमा को और ऊंचाई देगी। उनकी ऊर्जा से भरपूर लाइव परफॉर्मेंस न केवल पंजाबी संगीत प्रेमियों के लिए यादगार होगी, बल्कि अन्य देशों और राज्यों से आए पर्यटकों को भी भारतीय लोक संगीत की मधुरता का अनुभव कराएगी। इस भव्य सांस्कृतिक शाम में बड़ी संख्या में दर्शक शामिल होकर संगीत, परंपरा और उत्सव के अनूठे संगम का आनंद लेंगे।
000

Related posts

Translate »