NEWS & PRESS RELEASE NEWS CATEGORIES राष्ट्रीय 

एसीएस डॉ. सुमिता मिश्रा ने वीसी कर लंबित कार्यों की समीक्षा की

– एडीसी सतबीर मान ने लंबित राजस्व कार्य जल्द निपटाने के दिए निर्देश

– आम नागरिकों से जुड़े मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर

फरीदाबाद, 17 फरवरी।
गृह विभाग हरियाणा की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने आज मंगलवार को प्रदेशभर के जिला उपायुक्तों के साथ वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से बैठक लेते हुए हुए विभिन्न एजेंडो पर विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए राजस्व से जुड़े महत्वपूर्ण मामलों में अपेक्षित गति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कई प्रमुख मामलें जैसे पार्टिशन केस, म्यूटेशन, डिमार्केशन, राजस्व न्यायालयों के प्रकरण तथा पेपरलेस रजिस्ट्रेशन इन विषयों का सीधा संबंध आम नागरिकों से होने के कारण इन्हें सर्वोच्च प्राथमिकता देने की आवश्यकता है। अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) सतबीर मान संबंधित अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंस में शामिल हुए।

एडीसी सतबीर मान ने वीसी के उपरान्त सम्बंधित अधिकारियों की बैठक लेते हुए निर्देश दिए कि सभी लंबित म्यूटेशन कार्यों को जल्द से जल्द पूरा किया जाए। अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि म्यूटेशन प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो और आमजन को समय पर सुविधा मिल सके। इसके साथ ही प्रशासन ने ततिमा (भूमि नक्शा) को अद्यतन करने पर विशेष जोर दिया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी लंबित ततिमा रिकॉर्ड को शीघ्र अपडेट किया जाए, ताकि भूमि से जुड़े अभिलेख सही, पारदर्शी और डिजिटल रूप में उपलब्ध हो सकें। इससे भूमि विवादों में कमी आएगी और नागरिकों को राजस्व संबंधी सेवाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा।

एडीसी सतबीर मान ने बताया गया कि एग्रीस्टैक परियोजना के अंतर्गत किसानों से संबंधित डिजिटल डाटा तैयार किया जा रहा है। प्रशासन ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि एग्रीस्टैक से जुड़े सभी कार्यों को तेजी से पूरा किया जाए, ताकि किसान सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त कर सकें। इसके साथ ही सीमा स्तंभ निर्माण कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे भूमि सीमाओं को लेकर किसी प्रकार का भ्रम या विवाद न रहे।

बैठक में एसडीएम बड़खल त्रिलोक चंद, एसडीएम बल्लभगढ़ मयंक भारद्वाज, डीआरओ विकास सिंह, बड़खल तहसीलदार नेहा सहारन, बल्लभगढ़ तहसीलदार भूमिका लांबा सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Related posts

Translate »