NEWS & PRESS RELEASE NEWS CATEGORIES राष्ट्रीय 

शिकायत निस्तारण में पारदर्शिता और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें अधिकारी: एडीसी

– समाधान शिविर, सीएम विंडो, एसएमजीटी और जनसंवाद पोर्टल की लंबित शिकायतों पर समीक्षा, अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के दिए निर्देश

फरीदाबाद, 20 फरवरी।
हरियाणा के मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलों के उपायुक्तों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का उद्देश्य समाधान शिविर, सीएम विंडो, एसएमजीटी पोर्टल और जनसंवाद पोर्टल पर लंबित जनशिकायतों की प्रगति का आकलन करना था।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के पश्चात अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) सतबीर मान ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर समाधान शिविर, सीएम विंडो, एसएमजीटी पोर्टल और जनसंवाद पोर्टल की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविर, सीएम विंडो, एसएमजीटी पोर्टल और जनसंवाद पोर्टल पर प्राप्त सभी शिकायतों का निवारण विभागीय अधिकारी प्राथमिकता के साथ करें। उन्होंने कहा कि शिकायत निस्तारण केवल औपचारिकता न होकर ऐसा हो, जिससे शिकायतकर्ता पूर्ण रूप से संतुष्ट हो। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिन मामलों का समाधान हो चुका है, उन्हें संबंधित पोर्टल से समयबद्ध रूप से हटाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि लंबित मामलों के आंकड़ों में पारदर्शिता बनी रहे और वास्तविक पेंडेंसी पर प्रभावी कार्रवाई संभव हो सके।

एडीसी सतबीर मान ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने विभाग से संबंधित सभी पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की पूरी जानकारी रखें और उनकी प्रगति की नियमित समीक्षा करें। उन्होंने यह भी कहा कि शिकायत निवारण केवल औपचारिक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और प्रशासन तथा जनता के बीच विश्वास बढ़ाना है। उन्होंने विशेष रूप से बताया कि कई बार शिकायतें बहु-विभागीय होती हैं, जिन्हें केवल एक विभाग ही हल नहीं कर सकता। ऐसे मामलों में संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे ऐसी शिकायतों को संबंधित विभागों को तुरंत अवगत कराएं और संयुक्त रूप से कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि समस्याएं लंबित न रहें और जनता को समय पर राहत मिल सके।

एडीसी सतबीर मान ने आमजन से अपील की कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सोमवार और वीरवार को प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक जिला स्तर पर लघु सचिवालय तथा उपमंडल स्तर पर आयोजित समाधान शिविर में पहुंचकर इसका लाभ उठाएं।

समीक्षा बैठक में बड़खल एसडीएम त्रिलोक चंद, फरीदाबाद एसडीएम अमित कुमार, बल्लभगढ़ एसडीएम मयंक भारद्वाज, सीटीएम अंकित कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related posts

Translate »