ईडब्ल्यूएस फ्लैटों की बुकिंग फिर शुरू, 20 से 25 फरवरी 2026 तक खुलेगा पोर्टल : एडीसी
– पात्र लाभार्थी समय रहते करें आवेदन, 25 फरवरी अंतिम तिथि
फरीदाबाद, 20 फरवरी।
अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) सतबीर मान ने जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को अपना घर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के अंतर्गत दिनांक 23 अक्टूबर 2025 की ईडब्ल्यूएस नीति के तहत लाइसेंसधारी बिल्डरों द्वारा विकसित लाइसेंस प्राप्त कॉलोनियों में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए आरक्षित प्लॉट/फ्लैटों की बुकिंग हेतु पोर्टल को जनहित में पुनः खोले जाने का निर्णय लिया गया है।
यह पोर्टल 20 फरवरी से 25 फरवरी 2026 तक (कुल 6 दिन) के लिए पुनः संचालित रहेगा। इस अवधि के दौरान पात्र आवेदक ईडब्ल्यूएस श्रेणी के अंतर्गत फ्लैटों की बुकिंग कर सकेंगे। फ्लैट बुकिंग के लिए इस लिंक https://consumer.housingpms.org.in/#/login पर लॉगइन करके फ्लैट की बुकिंग कर सकते हैं।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस संबंध में सभी पात्र आवेदकों को पोर्टल पुनः खोले जाने की जानकारी दी जाए। साथ ही शेष पात्र आवेदकों को एसएमएस के माध्यम से भी सूचित किया जाएगा, ताकि वे निर्धारित अवधि में बुकिंग प्रक्रिया पूर्ण कर सकें।
एडीसी ने पात्र लाभार्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों के भीतर पोर्टल पर जाकर अपनी बुकिंग सुनिश्चित करें।

