मुख्यमंत्री का 03 व 04 अप्रैल को फरीदाबाद दौरा, विकास को मिलेगी नई गति
– FMDA बजट और विभिन्न विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात
फरीदाबाद, 02 अप्रैल
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का 03 एवं 04 अप्रैल को फरीदाबाद दौरा निर्धारित है। इस दौरान वे जिला में आयोजित विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। मुख्यमंत्री 03 अप्रैल को फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (FMDA) की महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में शहर की आधारभूत संरचना, यातायात व्यवस्था, जल आपूर्ति, सीवरेज, शहरी नियोजन सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति के लिए आवश्यक बजट को स्वीकृति देंगे।
इसके उपरांत, 04 अप्रैल को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी नगर निगम की ओर से आयोजित स्वच्छता शुभंकर एवं स्वच्छता कर्मिक का अनावरण व विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन कार्यक्रम एवं धन्यवाद एवं विकसित फरीदाबाद रैली में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। इस भव्य कार्यक्रम के दौरान वे विभिन्न विकास कार्यों की सौगात देंगे। यह कार्यक्रम नगर निगम फरीदाबाद की ओर से आयोजित किया जाएगा, जिसकी अध्यक्षता कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल करेंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर फरीदाबाद नगर निगम एवं प्रशासन एवं संबंधित विभागों द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को विशेष निर्देश दिए गए हैं, ताकि कार्यक्रम के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं तथा विभिन्न स्थानों पर आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल पर सुव्यवस्थित व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी भी निर्धारित कर दी गई है।

