फरीदाबाद में नई अतिरिक्त उपायुक्त के रूप में अंजली श्रोत्रिया ने संभाला कार्यभार
फरीदाबाद, 02 अप्रैल, 2026
भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) की 2022 बैच की अधिकारी अंजली श्रोत्रिया ने फरीदाबाद में अतिरिक्त उपायुक्त (ADC) सह जिला राजस्व एवं सूचना अधिकारी (DRIO) के रूप में अपना कार्यभार संभाल लिया है।
इससे पूर्व वह उप मंडल अधिकारी (सिविल) गोहाना सोनीपत के पद पर अपनी सेवाएं दे चुकी हैं, जहां उन्होंने प्रशासनिक कार्यों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया।
उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा इंदौर से प्राप्त की तथा इसके बाद मेडिकैप इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी से कंप्यूटर साइंस में बी.ई. की डिग्री हासिल की। स्नातक के पश्चात उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू की और कठिन परिश्रम एवं लगन के बल पर वर्ष 2022 में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) परीक्षा में अखिल भारतीय रैंक 44 प्राप्त कर आईएएस सेवा में चयनित हुईं।
जिले में कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत अंजली श्रोत्रिया ने कहा कि वह सरकार की नीतियों को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

