“5 मई को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस: बच्चों को दी जाएगी एल्बेंडाजोल दवा”
फरीदाबाद, 21 अप्रैल।
हरियाणा में 5 मई 2026 को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस मनाया जाएगा। इस अभियान के तहत फरीदाबाद में 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों को स्कूलों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से एल्बेंडाजोल दवा दी जाएगी। इसका उद्देश्य बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाकर उनके स्वास्थ्य में सुधार करना है।
अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) अंजलि श्रोत्रिया ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत सरकारी एवं निजी स्कूलों के विद्यार्थियों तथा आंगनवाड़ी केंद्रों से जुड़े बच्चों को शामिल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 5 मई को सभी स्कूलों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में एल्बेंडाजोल की गोलियां वितरित की जाएंगी। जो बच्चे किसी कारणवश इस दिन दवा नहीं ले पाएंगे, उनके लिए 8 मई 2026 को “मॉप-अप डे” आयोजित किया जाएगा, ताकि कोई भी बच्चा इस पहल से वंचित न रह जाए।
कार्यक्रम के तहत 1 से 2 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को आधी गोली तथा 2 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पूरी गोली दी जाएगी। यह दवा चबाने योग्य है। इसके अतिरिक्त 20 से 24 वर्ष आयु वर्ग की विवाहित युवतियों को भी इस अभियान के अंतर्गत दवा दी जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभियान के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रशिक्षित शिक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं स्वास्थ्य कर्मी इसमें सक्रिय भूमिका निभाएंगे। अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अपने बच्चों को इस कार्यक्रम में अवश्य शामिल कराएं।
बैठक में डॉ. शालिनी गांधी, डॉ. राजीव गुम्बर, डॉ. मंजू श्योराण, डॉ. विवेक आनंद, डॉ. वंदना, डॉ. सीमा सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

