NEWS & PRESS RELEASE NEWS CATEGORIES राष्ट्रीय 

लोक कला को बढ़ावा देने के लिए महिलाओं को किया गया प्रशिक्षित

– सांझी कला के संरक्षण को बढ़ावा देने हेतु आयोजित तीन दिवसीय कार्यशाला सम्पन्न

फरीदाबाद, 04 जून।
विकास एवं पंचायत विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल तथा महानिदेशक के.एम. पाण्डुरंग के मार्गदर्शन में प्रदेशभर के विभिन्न मंडलों में सांझी कला को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सांझी कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में विकास एवं पंचायत विभाग बल्लभगढ़ के अंतर्गत बीडीपीओ कार्यालय में आज वीरवार को तीन दिवसीय सांझी कार्यशाला का समापन किया गया, जिसमें हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की समूह सदस्य ने प्रतिभाग किया।

कला और संस्कृति विभाग से रेणु हुड्डा ने बताया कि इस तीन दिवसीय कार्यशाला के दौरान कला एवं संस्कृति विभाग के विशेषज्ञ प्रशिक्षकों ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को सांझी कला का व्यावहारिक एवं सैद्धांतिक प्रशिक्षण प्रदान किया। प्रशिक्षण में महिलाओं को सांझी कला के पारंपरिक स्वरूप, डिजाइन तैयार करने की तकनीक, रंगों के संतुलित उपयोग तथा कलात्मक प्रस्तुति के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया गया। प्रशिक्षकों ने सांझी कला के सांस्कृतिक महत्व और इसकी संरक्षण आवश्यकता पर भी प्रकाश डाला। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सांझी कला की आकर्षक आकृतियां तैयार कीं और अपनी रचनात्मकता एवं कलात्मक कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

डीपीएम शिवम तिवारी ने कहा कि महिलाओं को स्थानीय कला, संस्कृति एवं पारंपरिक विरासत से जोड़ने के लिए इस प्रकार की कार्यशालाएं अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने बताया कि सांझी कला जैसी लोक कलाएं हमारी समृद्ध सांस्कृतिक पहचान का अभिन्न हिस्सा हैं, जिनका संरक्षण और संवर्धन समय की आवश्यकता है। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान एवं कौशल का प्रभावी उपयोग कर अपनी कलात्मक प्रतिभा को और विकसित करें। साथ ही उन्होंने कहा कि महिलाएं इस कला को नई पीढ़ी तक पहुंचाकर सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं।

कार्यशाला के अंत में प्रतिभागी महिलाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की।

Related posts

Translate »