लगातार बारिश के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग पर राहत; 24 घंटे निगरानी में जुटा प्रशासन
क्षेत्र के जाजरू, सीकरी, झाड़सेतली मोड़ सहित बाटा चौक, गुडईयर और अजरौंदा जैसे क्रिटिकल प्वाइंट पर जल निकासी के प्रभावी इंतजाम, ट्रैफिक व्यवस्था भी सुचारु
फरीदाबाद 9 जुलाई।
लगातार हो रही भारी बारिश के बावजूद प्रशासन की ओर से जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था और 24 घंटे निगरानी के चलते इस बार प्रमुख क्रिटिकल प्वाइंट पर न तो लंबे समय तक जलभराव की स्थिति बनी और न ही बड़े ट्रैफिक जाम की समस्या सामने आई।
बल्लभगढ़ क्षेत्र के जाजरू, सीकरी और झाड़सेतली मोड़ के अलावा शहर के बाटा चौक, गुडईयर चौक और अजरौंदा जैसे संवेदनशील स्थानों पर प्रशासन की विशेष निगरानी लगातार जारी है। ऐसे सम्वेदनशील पॉइंट पर हर घंटे मॉनिटरिंग जारी है। बारिश के दौरान ही जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए टीमें मौके पर तैनात रहीं और पानी की निकासी के साथ यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए तत्काल कार्रवाई की गई।
जिलायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि भारी बारिश के बावजूद फरीदाबाद के राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रैफिक फ्लो पूरी तरह सामान्य है। सभी क्रिटिकल प्वाइंट पर 24 घंटे निगरानी के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की टीमें मुस्तैदी से तैनात हैं। जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
प्रशासन की सक्रिय रणनीति का सकारात्मक असर शहर में देखने को मिल रहा है। समय रहते जल निकासी और यातायात प्रबंधन के प्रभावी इंतजामों से आमजन को काफी राहत मिली है और बारिश के दौरान भी हाईवे पर वाहनों की आवाजाही बिना किसी बड़ी बाधा के जारी है।

