NEWS & PRESS RELEASE NEWS CATEGORIES राष्ट्रीय 

वैज्ञानिक कूड़ा निस्तारण महाअभियान से स्वच्छ एवं विकसित फरीदाबाद के संकल्प को मिलेगी नई गति : विपुल गोयल

– वार्ड-35 से महाअभियान का शुभारंभ, जनभागीदारी से स्वच्छता को जन आंदोलन बनाने का आह्वान

फरीदाबाद, 14 जुलाई।
हरियाणा सरकार के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, शहरी स्थानीय निकाय तथा नागरिक उड्डयन मंत्री विपुल गोयल ने सोमवार को फरीदाबाद के वार्ड संख्या-35 स्थित राजीव नगर, पुरानी चुंगी रोड से स्वच्छता महाअभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वच्छ, सुंदर एवं विकसित फरीदाबाद के निर्माण के लिए जन सहभागिता को सबसे महत्वपूर्ण आधार बताते हुए नागरिकों से स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि स्वच्छता किसी भी विकसित शहर की पहली पहचान होती है। किसी भी शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने का कार्य केवल सरकार के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रारंभ हुआ स्वच्छ भारत मिशन आज देश का सबसे बड़ा जनआंदोलन बन चुका है, जिसने स्वच्छता के प्रति लोगों की सोच और व्यवहार में व्यापक परिवर्तन लाने का कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार का उद्देश्य केवल नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करना नहीं, बल्कि वर्षों से जमा कचरे के स्थायी और वैज्ञानिक निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था विकसित करना भी है। इसी दिशा में आधुनिक तकनीकों को अपनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वाराणसी स्थित एनटीपीसी की हरित कोयला (ग्रीन कोल) परियोजना का अध्ययन किया गया है, जहाँ वैज्ञानिक तकनीक के माध्यम से कचरे से ईंधन योग्य कोयला तैयार किया जा रहा है। इसी मॉडल को फरीदाबाद और गुरुग्राम में लागू करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, जिससे जमा कचरे का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शहरी स्थानीय निकायों में आधुनिक कचरा संग्रहण वाहनों, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण प्रणाली तथा जीपीएस आधारित मॉनिटरिंग व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ कर रही है। इसके साथ ही मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ), कम्पोस्ट प्लांट तथा माइक्रो प्रोसेसिंग सेंटर के माध्यम से कचरे के पुनर्चक्रण और वैज्ञानिक निस्तारण को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि स्वच्छता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में हरियाणा लगातार उल्लेखनीय उपलब्धियां प्राप्त कर रहा है। हाल ही में घोषित स्वच्छता सर्वेक्षण में करनाल ने राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि प्रभावी प्रशासन, आधुनिक तकनीक और जनसहभागिता के समन्वय से सकारात्मक परिवर्तन संभव हैं।

कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि महात्मा गांधी के स्वच्छ भारत के सपने को साकार करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 में स्वच्छ भारत मिशन की शुरुआत की थी। आज यह अभियान केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी बन चुका है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सफाई करने तक सीमित नहीं है, बल्कि गंदगी न फैलाने की आदत विकसित करना भी उतना ही आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार फरीदाबाद को देश के स्वच्छ, सुंदर और विकसित शहरों की अग्रणी श्रेणी में स्थापित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। इसके लिए आधुनिक कचरा प्रबंधन प्रणाली, वैज्ञानिक निस्तारण और जनसहभागिता पर विशेष बल दिया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे स्वच्छता को सामाजिक दायित्व मानते हुए अपने घर, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में सक्रिय सहयोग करें।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक यह संकल्प ले कि वह स्वयं स्वच्छता का पालन करेगा और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेगा, तो फरीदाबाद को देश के सबसे स्वच्छ और आदर्श शहरों में शामिल होने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे स्वच्छ, स्वस्थ, हरित और विकसित फरीदाबाद के निर्माण में सहभागी बनें तथा स्वच्छता को जनआंदोलन के रूप में आगे बढ़ाएं।

इस अवसर पर पार्षद सचिन शर्मा, मंडल अध्यक्ष शिव कुमार गुप्ता, जिला महामंत्री प्रवीण चौधरी, सोनू शर्मा, मार्केट कमेटी के उपाध्यक्ष मनीष राघव, पार्षद ज्योति सिलानी, मुकेश अग्रवाल, कुलदीप शाहनी सहित पार्टी पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।

Related posts

Translate »