NEWS & PRESS RELEASE NEWS CATEGORIES राष्ट्रीय 

पुलिस प्रेस नोट 10 अगस्त 2026

इंग्लैंड ले जाने का झांसा देकर महिला से ढाई लाख से अधिक की ठगी, खाताधारक गिरफ्तार; साइबर थाना NIT की कार्रवाई

व्हॉट्सऐप पर विदेशी नंबर से संपर्क कर ठगो ने पहले दोस्ती बढ़ाई, फिर करेंसी बदलवाने समेत कई बहानों से कराए ऑनलाइन ट्रांजेक्शन

फरीदाबाद। विदेश ले जाने का झांसा देकर महिला से साइबर ठगी करने के मामले में फरीदाबाद पुलिस की साइबर थाना NIT टीम ने कार्रवाई करते हुए एक खाताधारक को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान अनायत (22), निवासी गौतमबुद्ध नगर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। उसके बैंक खाते में साइबर ठगी की रकम में से 74,998 रुपये ट्रांसफर हुए थे।

पुलिस के अनुसार मामले में अब तक पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। गिरफ्तार आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि फरीदाबाद निवासी एक महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जनवरी 2026 में उसके व्हॉट्सऐप पर +92 नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाला व्यक्ति उससे जानकार बनकर बातचीत करने लगा और धीरे-धीरे विश्वास हासिल कर लिया।

ठग ने महिला को बताया कि वह भारत आएगा और उसे अपने साथ इंग्लैंड लेकर जाएगा। विदेश जाने के लालच और उसकी बातों में आकर महिला ने उस पर विश्वास कर लिया। इसके बाद ठग ने महिला से दोस्ती बढ़ाते हुए उसे अलग-अलग बातों में उलझाना शुरू कर दिया।

ठग ने महिला को अपने झांसे में लेने के बाद करेंसी बदलवाने और अन्य अलग-अलग बहाने बनाकर ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करने के लिए कहा गया। महिला ने ठगो की बातों पर विश्वास करते हुए फरवरी से मार्च 2026 के बीच अलग-अलग ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के माध्यम से विभिन्न बैंक खातों में ढाई लाख रुपये से अधिक की रकम भेज दी।

लगातार रकम भेजने के बावजूद जब महिला को न तो इंग्लैंड ले जाने की बात पूरी हुई और न ही उसकी रकम वापस मिली, तो उसे अपने साथ साइबर ठगी होने का एहसास हुआ। इसके बाद उसने साइबर थाना NIT में शिकायत दी। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

उन्होंने आगे बताया कि पुलिस टीम ने ठगी की रकम के लेन-देन से जुड़े बैंक खातों की जानकारी जुटाई। जांच में सामने आया कि आरोपी अनायत के बैंक खाते में ठगी की रकम में से 74,998 रुपये ट्रांसफर हुए थे। बैंकिंग ट्रांजेक्शन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। वह आठवीं कक्षा तक पढ़ा हुआ है और वर्तमान में नोएडा में मजदूरी करता है।

प्रवक्ता, फरीदाबाद पुलिस

Related posts

Translate »