NEWS & PRESS RELEASE NEWS CATEGORIES राष्ट्रीय 

बल्लभगढ़ में गूंजा भारत माता का जयघोष, हजारों लोगों के साथ निकाली गई भव्य तिरंगा यात्रा

केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर रहे मुख्य अतिथि, विधायक मूलचंद शर्मा के नेतृत्व में निकली यात्रा; युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक में दिखा देशभक्ति का जोश

फरीदाबाद। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रविवार को बल्लभगढ़ राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र में आयोजित भव्य तिरंगा यात्रा में हजारों लोगों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति का संदेश दिया। “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “जय हिंद” के नारों से शहर का माहौल गूंज उठा। युवाओं में खासा उत्साह दिखाई दिया, वहीं महिलाएं, बुजुर्ग और कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में यात्रा में शामिल हुए।

तिरंगा यात्रा में केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। यात्रा का आयोजन बल्लभगढ़ विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री पं. मूलचंद शर्मा के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर विधायक मूलचंद शर्मा ने केंद्रीय राज्य मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।

सेक्टर-3 पुल से शुरू हुई यात्रा, शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी

भव्य तिरंगा यात्रा सेक्टर-3 पुल से शुरू होकर तिगांव रोड और बस अड्डा मार्केट होते हुए बल्लभगढ़ खंड स्तरीय कार्यालय पहुंची, जहां इसका विधिवत सम्पन्न हुई। यात्रा के मार्ग में जगह-जगह स्थानीय लोगों, सामाजिक संगठनों और कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।

तिरंगा हाथों में थामे युवा जोश देशभक्ति के गीतों और नारों के बीच यात्रा आगे बढ़ती रही। कई स्थानों पर लोगों ने सड़क किनारे खड़े होकर तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। पूरे मार्ग में राष्ट्रीय ध्वजों की कतार और देशभक्ति के नारों ने वातावरण को उत्साह और गौरव से भर दिया।

केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने बढ़ाया यात्रा में शामिल लोगों का उत्साह

केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राष्ट्रध्वज देश के करोड़ों नागरिकों की भावनाओं और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देश की प्रगति में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता को मजबूत रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। तिरंगा यात्रा जैसे आयोजन लोगों को राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों की याद दिलाते हैं और युवा पीढ़ी में देशभक्ति की भावना को और मजबूत करते हैं।

‘तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक’

विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री पं. मूलचंद शर्मा ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। स्वतंत्रता प्राप्ति के लिए असंख्य वीरों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। आज हमारी जिम्मेदारी है कि हम राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव को और मजबूत करने के लिए मिलकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है। आज भारत का तिरंगा दुनिया भर में देश की शक्ति, सामर्थ्य और गौरव की पहचान बन चुका है। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य समाज में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना और नई पीढ़ी को स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान से जोड़ना है।

बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता रहे मौजूद

तिरंगा यात्रा में भाजपा प्रदेश महामंत्री गोपाल शर्मा, जिला अध्यक्ष सोहनपाल सिंह, वरिष्ठ नेता टिपरचंद शर्मा, पूर्व चेयरमैन हुकम सिंह भाटी, चेयरमैन संजीव बैंसला, पार्षद रवि भगत, योगेश शर्मा, महेश गोयल, किरण बाला, मुकेश डागर, सोनू वैष्णव, पार्षद प्रतिनिधि मास्टर जयप्रकाश एवं ज्ञानेंद्र भारद्वाज, स्वराज भाटी, शिक्षाविद दीपक यादव, शिक्षाविद उद्यम आधाना, राहुल गोयल, मंडल अध्यक्ष संजय जांगिड़, गौरव विरमानी, पवन सैनी एवं कुलदीप मथारू, पूर्व पार्षद जगत भूरा, हरेराम प्रधान, विपिन त्यागी, महावीर सैनी, जिला महामंत्री अनुराग गर्ग सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।

बल्लभगढ़ ने दिया एकता और राष्ट्रप्रेम का संदेश

तिरंगा यात्रा के दौरान शहर में जगह-जगह उमड़ा जनसमर्थन यह दर्शाता रहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी और गौरव का अवसर भी है। यात्रा ने एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश देते हुए बल्लभगढ़वासियों को देशहित में एकजुट होने का आह्वान किया।

विधायक मूलचंद शर्मा ने यात्रा को सफल बनाने के लिए केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर, वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं, युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों और बल्लभगढ़ की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जिस उत्साह और अनुशासन के साथ लोगों ने तिरंगा यात्रा में भाग लिया, वह बल्लभगढ़ की राष्ट्रभक्ति और एकजुटता की मजबूत तस्वीर प्रस्तुत करता है।

Related posts

Translate »