NEWS & PRESS RELEASE NEWS CATEGORIES राष्ट्रीय 

आईटीआई एनआईटी-5 में उद्यमिता जागरूकता कैंप आयोजित, 40 विद्यार्थियों एवं अध्यापकों ने लिया भाग : योगेश कुमार

– उद्यमिता पखवाड़े के तहत फरीदाबाद में जागरूकता कैंप, युवाओं को स्वरोजगार के लिए किया प्रेरित

फरीदाबाद, 24 अगस्त।
प्रदेशभर में चलाए जा रहे उद्यमिता पखवाड़ा (21 अगस्त से 5 सितंबर) के तहत मंडल रोजगार कार्यालय, फरीदाबाद द्वारा आज राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI), एनआईटी-5, फरीदाबाद में उद्यमिता जागरूकता कैंप का आयोजन किया गया। मंडल रोजगार अधिकारी योगेश कुमार ने बताया कि कैंप में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के लगभग 40 विद्यार्थियों एवं अध्यापकों ने भाग लिया।

मंडल रोजगार अधिकारी ने बताया कि कैंप का उद्देश्य युवाओं एवं नौकरी की तलाश कर रहे अभ्यर्थियों को उद्यमिता के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों से अवगत कराना तथा उन्हें स्वरोजगार को भविष्य के एक बेहतर विकल्प के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित करना था। इस दौरान प्रतिभागियों को विभागीय पोर्टल, स्वरोजगार से संबंधित योजनाओं तथा सरकार द्वारा नई औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

कैंप में युवाओं को विभिन्न वित्तीय संस्थानों द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली ऋण योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी गई, ताकि इच्छुक युवा इन योजनाओं का लाभ उठाकर अपना स्वरोजगार अथवा औद्योगिक इकाई स्थापित कर सकें और आत्मनिर्भर बनते हुए अपने भविष्य को बेहतर दिशा दे सकें।

इस अवसर पर युवाओं को उद्यमिता के क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं, आवश्यक प्रक्रियाओं तथा सरकारी सहायता के बारे में जागरूक किया गया। कैंप के दौरान उपस्थित विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों द्वारा उद्यमिता, स्वरोजगार और ऋण योजनाओं से संबंधित पूछे गए सवालों का भी समाधान करते हुए उन्हें उचित मार्गदर्शन प्रदान किया गया। मंडल रोजगार कार्यालय की ओर से युवाओं से अपील की गई कि वे उपलब्ध सरकारी योजनाओं एवं अवसरों की जानकारी लेकर नौकरी के साथ-साथ स्वरोजगार एवं उद्यमिता के विकल्पों पर भी गंभीरता से विचार करें।

Related posts

Translate »