NEWS & PRESS RELEASE NEWS CATEGORIES राष्ट्रीय 

पुलिस प्रेस नोट 24 अगस्त 2026

लड़ाई-झगड़े व हत्या के प्रयास के अलग-अलग मामलों में पुलिस की कार्रवाई, 5 आरोपित गिरफ्तार

फरीदाबाद: फरीदाबाद पुलिस द्वारा लड़ाई-झगड़े, चाकू से हमला एवं हत्या के प्रयास के मामलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस की विभिन्न टीमों ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए 5 आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

मामला-1: ₹1.50 लाख के लेन-देन को लेकर युवक पर चाकू से हमला

थाना खेड़ीपुल क्षेत्र में ₹1.50 लाख रुपये के लेन-देन को लेकर युवक पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया था। शिकायतकर्ता अंकित ने बताया कि 21 अगस्त 2026 को पुनीत ने उसे पैसे देने के बहाने गली के बाहर बुलाया था। वहां पुनीत के साथ सोनू, धवल व अन्य युवक मौजूद थे। शिकायतकर्ता के अनुसार, रुपयों को लेकर बातचीत के दौरान आरोपितों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान पुनीत ने चाकू से अंकित पर वार किए, जबकि अन्य आरोपितों ने उसके साथ मारपीट की।

मामले में कार्रवाई करते हुए थाना खेड़ीपुल की टीम ने पुनीत, निवासी गांव मौजाबाद, गुरुग्राम, हाल भारत कॉलोनी, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया है। जिसने पूछताछ में बताया कि शिकायतकर्ता बार-बार उससे अपने पैसे मांग रहा था, जिससे परेशान होकर उसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर अंकित के साथ मारपीट की और चाकू से हमला कर दिया। आरोपित को माननीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

मामला-2: पुरानी कहासुनी की रंजिश में खेत पर पहुंचकर तीन युवकों से मारपीट, हत्या के प्रयास का मामला

थाना डबुआ क्षेत्र के गांव बाजड़ी में पुरानी कहासुनी की रंजिश को लेकर तीन युवकों के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया था।

शिकायतकर्ता विकास त्यागी के अनुसार, कुछ दिन पहले उसके भतीजे देव उर्फ रामजी लाल की गांव के ही गोलू उर्फ हर्ष के साथ कहासुनी हुई थी। इसी रंजिश के चलते 15 मार्च 2026 को गोलू उर्फ हर्ष, अपने 20/25 साथियों के साथ गांव बाजड़ी स्थित शिकायतकर्ता खेतों पर पहुंचा। वहां आरोपितों ने शिकायतकर्ता के बेटे अंशूल, तुषार व अभिषेक के साथ मारपीट की, जिसमें तीनों को गंभीर चोटें आईं। शिकायत के आधार पर थाना डबुआ में हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।

मामले में कार्रवाई करते हुए थाना डबुआ की टीम ने नीरज, निवासी पर्वतीय कॉलोनी तथा अवनेश, निवासी जीवन नगर पार्ट-2, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपित मुख्य आरोपित गोलू उर्फ हर्ष के साथी हैं और उन्होंने साथ मिलकर शिकायतकर्ता के बेटों के साथ मारपीट की थी। घटनाक्रम में अब तक 6 नाबालिक सहित 10 लोगों को काबू किया जा चुका है। मुख्य आरोपी हर्ष भी गिरफ्तार हो चुका है।

मामला-3: पैसे मांगने को लेकर कहासुनी के बाद युवक पर चाकू से हमला

थाना सिटी बल्लभगढ़ क्षेत्र में खुर्जा निवासी आसिफ ने शिकायत दी कि 1 अगस्त को वह अज्जी कॉलोनी में अपने गांव के रहने वाले दोस्त से मिलने आया था। वहां उसके गांव के अन्य लोग भी रहते थे। इसी दौरान आरिफ नामक युवक ने उससे पैसे मांगे, जिसको लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। शिकायतकर्ता के अनुसार, वह वहां से अपने घर जाने के लिए निकला तो बिस्मिल्ला होटल के पास आरिफ पीछे से उसके पास आया और उस पर चाकू से हमला कर दिया।

मामले में पुलिस चौकी बस स्टैंड, बल्लभगढ़ की टीम ने कार्रवाई करते हुए चाकू से हमला करने वाले आरोपित मोहम्मद आसिक उर्फ आरिफ, निवासी खुर्जा, जिला बुलंदशहर को गिरफ्तार किया है।

प्रवक्ता, फरीदाबाद पुलिस

Related posts

Translate »