सेवा संकल्प अभियान के तहत आयुष विभाग ने लगाया निशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 304 लोगों की स्वास्थ्य जांच कर निशुल्क परामर्श एवं दवाएं वितरित
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयुष विभाग ने लगाया निशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 304 लोगों की स्वास्थ्य जांच कर निशुल्क परामर्श एवं दवाएं वितरित
97 लोगों की बीपी व शुगर तथा 39 व्यक्तियों का किया गया प्रकृति परीक्षण
– औषधीय पौधों के स्वास्थ्य लाभों की जानकारी देकर पौधों का किया गया वितरण
फरीदाबाद, 23 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मनीषा लांबा के मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन में आयुष विभाग, फरीदाबाद द्वारा पुलिस ऑफिसर मल्टी-स्टेट को-ऑप हाउसिंग सोसाइटी, सेक्टर-49 (नवादा) में एक दिवसीय निशुल्क आयुष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ आयुर्वेद एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा।
शिविर का शुभारंभ सोसाइटी प्रतिनिधि सोमदेव सांगवान एवं सियाराम यादव ने किया। इस अवसर पर डॉ. मनीषा बिष्ट ने नागरिकों को विभिन्न औषधीय पौधों के स्वास्थ्य लाभ एवं दैनिक जीवन में उनके उपयोग की जानकारी दी। पर्यावरण एवं स्वास्थ्य संवर्धन के उद्देश्य से लोगों को औषधीय पौधों का वितरण भी किया गया तथा उन्हें घर-आंगन में औषधीय पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया गया।
शिविर के दौरान 304 लोगों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें निशुल्क चिकित्सकीय परामर्श एवं आयुष दवाएं प्रदान की गईं। वहीं 97 लोगों की रक्तचाप एवं शुगर की जांच की गई तथा 39 व्यक्तियों का प्रकृति परीक्षण कर उन्हें अनुकूल खानपान एवं जीवनशैली अपनाने संबंधी सलाह दी गई। इसके अलावा शिविर में योग सत्र का आयोजन कर नागरिकों को नियमित योग एवं स्वस्थ दिनचर्या अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
सोसाइटी के निवासियों ने सेवा संकल्प अभियान के तहत आयुष विभाग द्वारा आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर की सराहना करते हुए बड़ी संख्या में स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

