दिल्ली मेट्रो में यात्रियों संख्या में कमी आई : सरकार
दिल्ली मेट्रो में यात्रियों संख्या में कमी आई : सरकार नयी दिल्ली, 20 मार्च (भाषा) सरकार ने आज स्वीकार किया कि दिल्ली मेट्रो के यात्रियों की संख्या में कमी आई है । सरकार ने कहा कि इस कमी की वजह सिर्फ किराए में वृद्धि नहीं बल्कि इसके कई दूसरे कारण भी हैं।
लोकसभा में रंजनबेन भट्ट के प्रश्न के लिखित उत्तर में आवास एवं शहरी कार्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा, ‘‘ दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने सूचित किया है कि यात्रियों की संख्या में कमी आई है। सिर्फ किराए में वृद्धि के कारण यह कमी नहीं आई है बल्कि इसके लिए मौसम, छुट्टियां , अवकाश और त्यौहार जैसे कई कारण भी जिम्मेदार हैं।’’ सदस्य ने प्रश्न किया था कि क्या दिल्ली मेट्रो के किराए में बढ़ोतरी के कारण यात्रियों की संख्या में कमी आई है।
एक अन्य प्रश्न के उत्तर में पुरी ने कहा कि किराय निर्धारण समिति ने वारिष्ठ नागरिकों, छात्रों और दिव्यांगों को किराये में रियायत देने की कोई सिफारिश नहीं की है।
उन्होंने यह भी बताया कि डीएमआरसी के वर्ष 2017-18 के वित्तीय खातों को अभी अंतिम रूप नहीं दिया गया है इसलिए लाभ/हानि के आंकड़े उपलब्ध नहीं हैं।
