NATIONAL NEWS NEWS CATEGORIES 

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल हिंसाग्रस्त आसनसोल के दौरे पर

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल के एन त्रिपाठी ने आज यहां एक घंटे तक वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक करके हिंसा प्रभावित रानीगंज और आसनसोल क्षेत्र की स्थिति की जानकारी ली।

बर्धमान वेस्ट जिला के रानीगंज क्षेत्र में सोमवार को राम नवमी जुलूस के दौरान दो समूहों के बीच हुई झड़प में एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो पुलिस अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए।

आसनसोल में भी हिंसा भड़क उठी जिसके बाद प्रशासन ने इ्ंटरनेट सेवा निलंबित कर दी और जिले के तनाव ग्रस्त इलाकों में सीआरपीसी की धारा144 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी।

राज्यपाल आज सुबह आसनसोल के सर्किट हाउस पहुंचे। वह आज शाम को रानीगंज और आसनसोल के हिंसाग्रस्त इलाकों का दौरा करेंगे।

इस सप्ताह के शुरू में राज्य सरकार ने उन्हें सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए आसनसोल और रानीगंज न जाने की सलाह दी थी। केंद्रीय मंत्री बाबूल सुप्रियो और राज्य में भाजपा की महिला मोर्चा अध्यक्ष लॉकेट चटर्जी को भी आसनसोल- रानीगंज क्षेत्र में गुरुवार को पुलिस ने प्रवेश करने से रोक दिया।

नूरानी मस्जिद के इमाम इम्दातुल्लाह राशिद ने कहा था कि हिंसा में उनके बेटे की भी हत्या हुई है लेकिन पुलिस ने इस घटना की पुष्टि नहीं की है। राशिद ने क्षेत्र में लोगों से शांति बनाए रखने की अपीलभी की है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि निषेधात्मक आदेश अभी भी लागू हैं क्योंकि यहां अब भी स्थिति तनावपूर्ण है।

उन्होंने बताया कि पिछले तीन दिन में हिंसा की कोईनयी घटना नहीं हुई है। यहां भारी संख्या में पुलिस बल और रेपिड एक्शन फोर्स( आरएएफ) को गश्त में लगाया गया है।

Related posts

Translate »