सलमान के लिए इमोशनल हुईं बहन अर्पिता, लिखा- मेरी ताकत, मेरी खुशी, मेरी जिंदगी, मेरी दुनिया…
सलमान खान काला हिरण शिकार मामले में जमानत पर जेल से रिहा हो गए हैं, और उनके इस मुश्किल भरे समय में उनकी दोनों बहने अर्पिता खान और अलविरा खान हर पल उनके साथ रहीं. सलमान खान को पांच साल की सजा हुई थी लेकिन उन्हें जमानत मिल गई है. सलमान खान के सुनवाई के लिए जोधपुर जाने से लेकर मुंबई वापस आने तक दोनों बहनों ने उनका साथ दिया. अर्पिता खान और अलविरा ने बहुत ही बेहतरीन ढंग से हालात का सामना किया और अब अर्पिता खान ने अपने इंस्टाग्राम एकाउंट पर सलमान खान के लिए एक इमोशनल पोस्ट लिखी है.
अर्पिता खान ने लिखा है, “मेरी ताकत, मेरी कमजोरी, मेरा गौरव, मेरी खुशी, मेरी जिंदगी, मेरा संसार. खुदा का बंदा. खुदा उन सब पर अपनी कृपा करे जो आपकी कामयाबी को हजम नहीं कर पा रहे, मैं आपके लिए सकारात्मकता और खुशी की कामना करती हूं और आपके आसपास फैलने वाली सारी नफरत और जलन खत्म हो जाए. मैं दुआ करती हूं कि आप पहले से भी ज्यादा चमकें और अपने अच्छे काम और कामयाबी से सबको अंधा कर दें. लव यू भाई.”
सलमान खान को गुरुवार को जोधपुर की अदालत ने 1998 के काला हिरण शिकार मामले में पांच साल कैद की सजा सुनाई थी. सलमान खान को जमानत से पहले दो दिन के लिए जेल में रहना पड़ा था. सलमान खान के सह आरोपी सोनाली बेंद्रे, सैफ अली खान, तब्बू और नीलम को बरी कर दिया गया था. प्रीति जिंटा एकमात्र ऐसी एक्ट्रेस थीं जो सलमान खान से मिलने जोधपुर जेल पहुंची थईं.

