इंटरनेट की आजादी पर बोलीं भूमि पेडनेकर, ‘अच्छा हुआ नेट पर कोई…’
ऑनलाइन प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर एक कार्यक्रम ‘लस्ट सीरीज’ कर रहीं अभिनेत्री भूमि पेडनेकर का कहना है कि वे शुक्रगुजार हैं कि इंटरनेट पर कोई सेंसरशिप नहीं है. ‘लस्ट सीरीज’ में निर्देशकों जोया अख्तर, करण जौहर, अनुराग कश्यप और दिबाकर बनर्जी की कहानियां दिखाई जाएगी. भूमि मनोरंजन उद्योग में डिजिटल माध्यम द्वारा लाई गई शैलियों और विषयों में विविधता को असाधारण मानती हैं. भूमि ने बताया, “इंटरनेट और ऐसे आश्चर्यजनक पोर्टल देने के लिए ईश्वर का धन्यवाद. जैसे नेटफ्लिक्स और एमेजन. दर्शकों के देखने के लिए विषयवस्तु काफी बढ़ गई है और इसीलिए काम की गुणवत्ता भी काफी बढ़ गई है. अब आप दर्शकों को कोई बेकार वस्तु नहीं दिखा सकते. वे उसकी तारीफ नहीं करने वाले.”
उन्होंने कहा, “मुद्दा ये है कि इंटरनेट पर सेंसरशिप नहीं होने के कारण बतौर निर्माता आप और आजादी से सोच सकते हैं और रचनात्मक लोग वही करते हैं जिस पर वे विश्वास करते हैं.” भूमि ‘लस्ट सीरीज’ के किसी अन्य माध्यम की अपेक्षा डिजिटल माध्यम पर रिलीज होने के कारण खुश हैं. भूमि ‘टाइड प्लस विड एक्स्ट्रा पॉवर’ और गैर सरकारी संस्था ‘गूंज’ के ‘राष्ट्रीय होली वस्त्र भंडार’ मुहिम की सफलता का जश्न मनाने के लिए राष्ट्रीय राजधानी में आई थीं. इस मुहिम के तहत जरूरतमंदों को देने के लिए 20 शहरों से 83,500 कपड़े इकट्ठे हुए थे.

