मोदी चोगम में भाग लेने के लिए ब्रिटेन पहुंचे
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राष्ट्रमंडल देशों के शासनाध्यक्षों की बैठक ( चोगम ) में द्विपक्षीय मुलाकातों तथा बहुपक्षीय चर्चा में भाग लेने के लिए आज ब्रिटेन पहुंचे।
ब्रिटेन के विदेश मंत्री बोरिस जॉनसन ने यहां हीथ्रो हवाई अड्डे पर मोदी की अगवानी की।
जॉनसन ने कहा कि वह भारत तथा ब्रिटेन के बीच बढ़ते द्विपक्षीय व्यापार को लेकर उत्साहित हैं और यह यात्रा ‘‘ वृहद आर्थिक लाभ ’’ का मार्ग निर्मित करने में सहायक होगी।
जॉनसन ने एक बयान में कहा , ‘‘ हमारे साझा इतिहास को धन्यवाद है , हमारे बीच जीता जागता सेतु है ….. और अब हम अतुल्य प्रौद्योगिकी क्षेत्र निर्मित करना चाहते हैं जहां भारत और ब्रिटेन एकसाथ ऊंचाइयों को छू रहे हैं। ’’
मोदी का यहां अतिव्यस्त कार्यक्रम हैं। जिसमें सबसे पहले वह 10 डाउनिंग स्ट्रीट में प्रधानमंत्री टेरीजा मे के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। इस दौरान दोनों के बीच अलगावाद , सीमा पार आतंकवाद , वीजा तथा आव्रजन सहित साझा हितों के अनेक मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
अवैध शरणार्थियों को वापस भेजने वाले वाले एक समझौता ज्ञापन ( एमओयू ) का आधिकारिक तौर पर नवीनीकरण किया जाएगा इस एमओयू की अवधि 2014 को समाप्त हो गई थी।
इसके बाद मोदी लंदन में साइंस म्यूजियम में आयोजित ‘5000 इयर्स ऑफ साइंस एंड इनोवेशन ’ प्रदर्शनी में शिरकत करेंगे। इस दौरान वे भारतीय मूल के लोगों , वैज्ञानिकों और नवोन्मेषियों से बातचीत करेंगे।
प्रिंस चार्ल्स की ओर से आयोजित कार्यक्रम में न्यू आयुर्वेदिक सेंटर फॉर एक्सिलेंस का उद्घाटन किया जाएगा।
मोदी थेम्स नदी के किनारे पर स्थापित बसवेश्वर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। मोदी ने 2015 में ब्रिटेन की यात्रा के दौरान इस प्रतिमा का अनावरण किया था। फ्रांसिस क्रीक इंस्टीट्यूट में ब्रिटेन की प्रधानमंत्री टेरीजा में द्वारा आयोजित कार्यक्रम में उनके साथ दूसरी मुलाकात करेंगे।
कैंसर शोध , मलेरिया और अन्य बीमारियों पर काम कर रहे भारतीय मूल के वैज्ञानिकों से मुलाकात के बाद दोनों नेता भारत – ब्रिटेन सीईओ फोरम की शुरुआत करेंगे।
इसके बाद मोदी ‘ भारत की बात , सबके साथ ’ कार्यक्रम से पहले बकिंघम पैलेस में महारानी एलिजाबेथ द्वितीय से मुलाकात करेंगे। इस कार्यक्रम का लंदन में आज सेंट्रल हॉल वेस्टमिंस्टर से सीधा प्रसारण किया जाएगा।
सीधा प्रसारण खत्म होने के बाद वह चोगम बैठक के औपचारिक स्वागत के लिए ब्रिटेन की प्रधानमंत्री द्वारा आयोजित रात्रिभोज में शामिल होंगे।
इसके बाद वह कल चोगम की बैठक के लिए जाएंगे जहां विश्व नेता अनौपचारिक रूप से बातचीत करेंगे।
इसी के साथ मोदी की ब्रिटेन यात्रा का समापन हो जाएगा और फिर वह भारत रवाना हो जाएंगे।

