NEWS & PRESS RELEASE NEWS CATEGORIES राष्ट्रीय 

यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देना विभाग की प्राथमिकता : धीरेन्द्र खडगटा

यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देना विभाग की प्राथमिकता : धीरेन्द्र खडगटा

– एनआईटी बस स्टैंड की व्यवस्थाओं में मिली खामियां, महानिदेशक ने दिए सुधार के निर्देश

– बल्लभगढ़ बस स्टैंड पर सुरक्षा, स्वच्छता और अतिक्रमण को लेकर महानिदेशक ने दिए निर्देश

– महानिदेशक राज्य परिवहन धीरेन्द्र खडगटा ने किया एनआईटी और बल्लभगढ़ बस स्टैंड का औचक निरीक्षण

फरीदाबाद, 17 सितम्बर।
महानिदेशक, राज्य परिवहन हरियाणा, चंडीगढ़ धीरेन्द्र खडगटा ने आज एनआईटी फरीदाबाद स्थित बस स्टैंड का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बस स्टैंड परिसर में यात्रियों की सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं से संबंधित कई खामियां पाई गईं। निरीक्षण के दौरान यात्री प्रवेश द्वार पर ताला लगा हुआ पाया गया। इसके अलावा महिला एवं पुरुष शौचालयों की स्थिति खराब होने के साथ-साथ साफ-सफाई की उचित व्यवस्था भी नहीं मिली। यात्रियों के वेटिंग रूम का एसी भी खराब पाया गया तथा पीने के पानी की समुचित सुविधा उपलब्ध नहीं थी। बस स्टैंड परिसर में लगी एलईडी स्क्रीन पर बसों का समय सारणी प्रदर्शित नहीं हो रही थी। वहीं, कार्यालय कक्ष की छत टूटने के कारण पानी आने की समस्या भी सामने आई। निरीक्षण के दौरान बस स्टैंड के निकास द्वार पर मोटरसाइकिलें पार्क की हुई पाई गईं तथा पार्किंग स्थल को भी अवैध रूप से घेरा हुआ पाया गया।

महानिदेशक ने इन व्यवस्थागत खामियों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बस स्टैंड पर यात्रियों को बेहतर एवं सुचारू सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है तथा यात्रियों की सुविधा से जुड़े सभी प्रबंध निर्धारित मानकों के अनुरूप होने चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बस स्टैंड परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, वेटिंग रूम, सूचना प्रणाली एवं पार्किंग व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि एनआईटी बस स्टैंड का निर्माण पीपीपी मोड के तहत पैसिफिक डेवलपमेंट लिमिटेड द्वारा किया गया है। अनुबंध के अनुसार बस स्टैंड की आगामी 15 वर्षों तक सभी प्रकार की देखरेख एवं सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संबंधित कंपनी की है। निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को देखते हुए संबंधित एजेंसी द्वारा निर्धारित दायित्वों के अनुरूप व्यवस्थाओं को सुचारू करने तथा यात्रियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

इसके उपरांत महानिदेशक धीरेन्द्र खडगटा ने बल्लभगढ़ बस स्टैंड का भी निरीक्षण किया तथा वहां व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बस स्टैंड के प्रवेश द्वार पर बेसहारा पशुओं की रोकथाम के लिए कैटल कैचर लगवाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही बस स्टैंड परिसर की सुरक्षा के दृष्टिगत बाउंड्री वॉल करवाने तथा मेट्रो गेट से नवलू कॉलोनी तक सड़क किनारे उगी झाड़ियों, कीकर, जंगली पेड़-पौधों आदि की जेसीबी एवं श्रमिकों की मदद से सफाई करवाने को कहा।

महानिदेशक ने जी.टी. रोड से रेलवे स्टेशन के बीच मौजूद अवैध रेहड़ियों को हटवाने, डिपो/आगार में उचित सैनिटेशन करवाने तथा बस स्टैंड की भूमि से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज मुख्यालय भेजने के भी निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को बस स्टैंड परिसर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने तथा यात्रियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Related posts

Translate »