NEWS & PRESS RELEASE NEWS CATEGORIES राष्ट्रीय 

युवती की हत्या कर शव आगरा कैनाल में फेंकने वाला आरोपित गिरफ्तार

पुलिस प्रेस नोट 26 अगस्त 2026

युवती की हत्या कर शव आगरा कैनाल में फेंकने वाला आरोपित गिरफ्तार

अपराध शाखा DLF की टीम ने किया गिरफ्तार, साथी की भूमिका सहित मामले की जांच जारी

फरीदाबाद: संजय कॉलोनी निवासी एक महिला ने थाना मुजेसर में शिकायत दी थी कि उसकी 20 वर्षीय बेटी निशा 1 अगस्त को ऑफिस की मीटिंग के सिलसिले में कोलकाता गई थी। युवती ने परिजनों को फोन कर बताया था कि वह अगली सुबह तक घर वापस आ जाएगी, लेकिन इसके बाद वह घर नहीं पहुंची और उसका मोबाइल फोन भी बंद हो गया। शिकायतकर्ता ने हरिओम नामक युवक पर उसकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का शक जताया था। शिकायत के आधार पर थाना मुजेसर में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त फरीदाबाद के निर्देशानुसार अपराध शाखा DLF की टीम ने जांच आगे बढ़ाते हुए 25 अगस्त को आरोपित हरिओम निवासी थंथारी, पलवल को गिरफ्तार कर लिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपित हरिओम की निशा से वर्ष 2022 में जान-पहचान हुई थी। इसके बाद आरोपित ने निशा की शादी अपने भाई के साथ करवा दी थी। शादी के कुछ समय बाद निशा और उसके पति के बीच अनबन रहने लगी, जिसके चलते वह अपने मायके वापस आ गई।

इसके बाद आरोपित हरिओम ने निशा को शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। जिस संबंध में निशा द्वारा आरोपित के खिलाफ वृंदावन मथुरा में मामला दर्ज कराया गया था। जिसको पुलिस ने गिरफ्तार कर वर्ष 2024 में जेल भेज दिया था, वह जनवरी, 2025 में जमानत पर जेल से बाहर आया था।

पूछताछ में आगे सामने आया कि जेल से आने के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। निशा, आरोपित पर शादी करने का दबाव बनाने लगी। 1 अगस्त को वह निशा को अपने साथ हरिद्वार ले गया तथा 4 अगस्त को वह उसके साथ फरीदाबाद वापस आया और उसी रात उसने अपने साथी के साथ मिलकर डीग पुल के पास निशा की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को आगरा कैनाल नहर में फेंक दिया।

पुलिस द्वारा मामले में आरोपित के साथी की भूमिका सहित हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। आरोपित को माननीय अदालत में पेश कर आगामी पूछताछ के लिए 8 दिन पुलिस रिमांड पर लिया गया है। मामले में हत्या की धारा जोड़ी गई है तथा डेड बॉडी की तलाश की जा रही है।

प्रवक्ता, फरीदाबाद पुलिस

Related posts

Translate »