NEWS & PRESS RELEASE NEWS CATEGORIES राष्ट्रीय 

सेवा संकल्प अभियान के तहत 21 सितंबर को चांदपुर में लगेगा बहुविभागीय जनकल्याण शिविर

सेवा संकल्प अभियान के तहत 21 सितंबर को चांदपुर में लगेगा बहुविभागीय जनकल्याण शिविर

26 सरकारी विभाग एक ही स्थान पर पहुंचकर आमजन को देंगे योजनाओं की जानकारी, मौके पर लिए जाएंगे आवेदन

21 सितंबर को सरकारी स्कूलों में ‘चित्र सेवा’ के तहत होंगी चित्रकला प्रतियोगिताएं

फरीदाबाद, 20 सितंबर।

हरियाणा सरकार द्वारा आमजन को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सहज एवं सुगम रूप से उपलब्ध करवाने तथा लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जिला फरीदाबाद में विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में 21 सितंबर को ग्राम पंचायत चांदपुर स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बहुविभागीय जनकल्याण शिविर का आयोजन किया जाएगा।

इस शिविर में जिला के 26 सरकारी विभागों द्वारा सहभागिता की जाएगी। संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने विभाग से जुड़ी विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी आमजन को उपलब्ध करवाएंगे। शिविर में पात्र नागरिकों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेजों एवं पात्रता संबंधी जानकारी भी दी जाएगी तथा जहां संभव होगा, वहीं मौके पर ही पात्र लोगों के आवेदन करवाने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस पहल का उद्देश्य आमजन को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देते हुए योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध करवाना है।

जिला प्रशासन द्वारा बताया गया कि इस प्रकार के बहुविभागीय शिविर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 17 अक्टूबर तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया जाएगा। विभागीय अधिकारी मौके पर लोगों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं को सुनते हुए उन्हें संबंधित सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ लेने के लिए मार्गदर्शन भी प्रदान करेंगे।

इसी क्रम में 21 सितंबर को जिले के सरकारी एवं राजकीय विद्यालयों में ‘चित्र सेवा’ गतिविधि का आयोजन किया जाएगा। इसके अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा, जिसमें विद्यार्थी अपनी रचनात्मकता एवं प्रतिभा के माध्यम से विभिन्न सामाजिक सरोकारों, राष्ट्र निर्माण, सेवा भावना तथा जनकल्याण से जुड़े विषयों को चित्रों के माध्यम से अभिव्यक्त करेंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच, सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा भाव की भावना को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जाएगा।

सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न रक्तदान शिविरों का भी आयोजन किया जाएगा। इस दौरान आमजन, युवाओं एवं विभिन्न संस्थाओं को रक्तदान के लिए प्रेरित किया जाएगा। जिला प्रशासन का उद्देश्य अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक नागरिकों को सेवा एवं सामाजिक सरोकारों से जोड़ना है, ताकि जनभागीदारी के माध्यम से सेवा, सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को और मजबूत किया जा सके।

Related posts

Translate »