NEWS & PRESS RELEASE NEWS CATEGORIES राष्ट्रीय 

नागरिक अस्पताल फरीदाबाद में सभी काउंटरों पर ऑनलाइन भुगतान सुविधा शुरू, मरीजों के लिए ऑनलाइन प्री-रजिस्ट्रेशन की भी सुविधा

नागरिक अस्पताल फरीदाबाद में सभी काउंटरों पर ऑनलाइन भुगतान सुविधा शुरू, मरीजों के लिए ऑनलाइन प्री-रजिस्ट्रेशन की भी सुविधा

– ऑनलाइन सेवाओं से मरीजों का समय बचेगा और पंजीकरण काउंटरों पर लंबी कतारों से मिलेगी राहत : डॉ. जयंत आहूजा

फरीदाबाद, 16 अक्टूबर।
भारत सरकार के डिजिटल मिशन को आगे बढ़ाते हुए तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया के विजन और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में नागरिक अस्पताल, फरीदाबाद में आमजन की सुविधा के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटल माध्यम से सुलभ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। इसके तहत अस्पताल के सभी काउंटरों पर ऑनलाइन भुगतान की सुविधा शुरू कर दी गई है। इस व्यवस्था से मरीजों एवं उनके परिजनों को नकद भुगतान पर निर्भर रहने की आवश्यकता कम होगी तथा डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा मिलने के साथ नकदी के लेन-देन में होने वाली संभावित अनियमितताओं पर अंकुश लगाने में भी मदद मिलेगी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जयंत आहूजा ने बताया कि नागरिक अस्पताल में मरीजों को पंजीकरण कराने और चिकित्सकों से परामर्श के लिए लंबी कतारों में खड़े होने से राहत देने के उद्देश्य से ऑनलाइन प्री-रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी शुरू की गई है। इस सुविधा के माध्यम से मरीज घर बैठे ही अस्पताल के पोर्टल eupchaarharyana.org.in पर अपना पूर्व पंजीकरण करवा सकते हैं। इसके लिए मरीज अपने मोबाइल नंबर का उपयोग कर सकते हैं। वहीं, पहले से अस्पताल में पंजीकृत मरीज अपने पुराने यूएचआईडी (UHID) नंबर के माध्यम से भी पंजीकरण करवा सकते हैं।

डॉ. जयंत आहूजा ने बताया कि ऑनलाइन प्री-रजिस्ट्रेशन करवाने के बाद मरीज को निर्धारित अपॉइंटमेंट तिथि पर अस्पताल पहुंचना होगा। वहां उनके लिए निर्धारित विशेष काउंटर पर आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध करवाया जाएगा और उन्हें संबंधित चिकित्सक के परामर्श कक्ष तक पहुंचने में सहायता मिलेगी। इससे मरीजों को अस्पताल पहुंचने के बाद पंजीकरण के लिए लंबी कतारों में लगने की परेशानी से राहत मिलेगी तथा उनके समय की बचत होगी।

उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रशासन का निरंतर प्रयास है कि मरीजों को सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएं। ऑनलाइन भुगतान और प्री-रजिस्ट्रेशन जैसी डिजिटल सुविधाएं स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक व्यवस्थित बनाने के साथ-साथ आमजन के अनुभव को बेहतर करने में सहायक सिद्ध होंगी। उन्होंने नागरिकों से इन सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

Related posts

Translate »