फरीदाबाद हाफ मैराथन बनेगा जिले के लिए यादगार आयोजन : डीसी आयुष सिन्हा
फरीदाबाद हाफ मैराथन बनेगा जिले के लिए यादगार आयोजन : डीसी आयुष सिन्हा
27 सितंबर को सूरजकुंड से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे मैराथन का फ्लैग ऑफ
बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना, तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त
फरीदाबाद, 23 सितंबर।
आगामी 27 सितंबर को सूरजकुंड में आयोजित होने वाली फरीदाबाद हाफ मैराथन को लेकर उपायुक्त आयुष सिन्हा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ तैयारियों एवं सौंपी गई जिम्मेदारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद हाफ मैराथन जिले का एक भव्य एवं महत्वपूर्ण आयोजन है, जिसमें बड़ी संख्या में प्रतिभागियों के साथ-साथ शहरवासियों और विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इस भव्य आयोजन का फ्लैग ऑफ करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन की गरिमा और व्यापकता को देखते हुए सभी तैयारियां पूरी गंभीरता एवं आपसी समन्वय के साथ समय से पहले पूरी की जाएं।
उपायुक्त ने कहा कि फरीदाबाद हाफ मैराथन केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली, युवा ऊर्जा और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने वाला एक बड़ा जन-अभियान है। इस आयोजन के माध्यम से नागरिकों को फिटनेस के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ ‘ड्रग फ्री हरियाणा’ का मजबूत संदेश भी जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस भव्य आयोजन में लाखों की संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है, इसलिए प्रत्येक विभाग को अपनी जिम्मेदारी पूरी सजगता और तत्परता के साथ निभानी होगी।
डीसी आयुष सिन्हा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आयोजन से जुड़ी किसी भी व्यवस्था में लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका गंभीरता से पालन करते हुए प्रत्येक व्यवस्था की व्यक्तिगत रूप से निगरानी की जाए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ कार्य करने तथा तैयारियों को निर्धारित समय सीमा से पहले पूरा करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान यातायात एवं रूट व्यवस्था, पार्किंग, सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा सुविधाओं, विद्युत व्यवस्था, मंच एवं कार्यक्रम स्थल की तैयारियों सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने कहा कि आयोजन स्थल और मैराथन रूट पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने से पहले सभी विभाग संयुक्त रूप से निरीक्षण कर आवश्यक कमियों को दूर करें।
उन्होंने कहा कि इतने बड़े स्तर के आयोजन को सफल बनाने में प्रत्येक विभाग की भूमिका महत्वपूर्ण है। इसलिए सभी अधिकारी अपनी ड्यूटी को प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर यदि कोई समस्या सामने आती है तो उसे अंतिम समय तक लंबित रखने के बजाय संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर तत्काल समाधान किया जाए।
उपायुक्त आयुष सिन्हा ने कहा कि फरीदाबाद हाफ मैराथन के माध्यम से जिले को फिटनेस, खेल और नशामुक्ति के संदेश के साथ नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे इस आयोजन को सफल बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें, ताकि 27 सितंबर का यह आयोजन फरीदाबाद के लिए एक यादगार अवसर बन सके।
बैठक में एडीसी अंजलि श्रोत्रिया, नगर निगम अतिरिक्त आयुक्त, एसडीएम बल्लभगढ़ मयंक भारद्वाज, एसडीएम फरीदाबाद डॉ. हनी बंसल, एसडीएम बड़खल त्रिलोक चंद, नगराधीश अंकित कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

