NEWS & PRESS RELEASE NEWS CATEGORIES राष्ट्रीय 

सेवा संकल्प अभियान के तहत सेक्टर-16 में बहुविभागीय जनकल्याण शिविर का आयोजन

सेवा संकल्प अभियान के तहत सेक्टर-16 में बहुविभागीय जनकल्याण शिविर का आयोजन

– शिविर में विभिन्न विभागों ने आमजन को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं की दी जानकारी, लाभार्थियों ने सरकार का जताया आभार

फरीदाबाद, 28 सितंबर।
हरियाणा सरकार द्वारा आमजन को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सहज, सुगम एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध करवाने तथा नागरिकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। अतिरिक्त उपायुक्त एवं सेवा संकल्प अभियान की जिला नोडल अधिकारी अंजलि श्रोत्रिया ने बताया कि आज सेक्टर-16 स्थित बीडीपीओ कार्यालय में बहुविभागीय जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता करते हुए आमजन को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

शिविर के दौरान हरियाणा सरकार की हैप्पी कार्ड योजना के लाभार्थियों ने योजना से मिलने वाली सुविधाओं पर खुशी जाहिर करते हुए सरकार का आभार व्यक्त किया। लाभार्थियों ने बताया कि हैप्पी कार्ड के माध्यम से उन्हें सार्वजनिक परिवहन में यात्रा करने की सुविधा मिल रही है, जिससे उनके दैनिक आवागमन का खर्च कम हुआ है और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को काफी राहत मिली है।

शिविर में पहुंचे एक लाभार्थी ने बताया कि सरकार द्वारा उन्हें हैप्पी कार्ड उपलब्ध करवाया गया है, जिससे अब उन्हें यात्रा करने में काफी सुविधा मिल रही है। उन्होंने कहा कि पहले आर्थिक स्थिति के कारण यात्रा करने से पहले कई बार सोचना पड़ता था, लेकिन अब इस कार्ड के माध्यम से आवागमन आसान हो गया है। उन्होंने गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के हित में योजना शुरू करने के लिए हरियाणा सरकार का धन्यवाद किया।

इसी प्रकार, मनीष गांधी ने बताया कि हैप्पी कार्ड गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि पहले यात्रा करना आर्थिक रूप से कठिन होता था, लेकिन अब इस कार्ड के माध्यम से उन्हें काफी राहत मिली है। उन्होंने इस जनकल्याणकारी पहल के लिए सरकार का आभार व्यक्त किया।

एक अन्य लाभार्थी दिनेश ने बताया कि हैप्पी कार्ड मिलने से उन्हें आवागमन में काफी सुविधा हुई है। पहले यात्रा के दौरान अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब कार्ड के माध्यम से वे आसानी से कहीं भी आ-जा सकते हैं। उन्होंने इस सुविधा के लिए सरकार का तहेदिल से धन्यवाद किया।

शिविर में नागरिकों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और संबंधित विभागों के अधिकारियों से अपनी समस्याओं एवं योजनाओं से जुड़े सवालों पर चर्चा की। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सरकार का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र नागरिकों तक पहुंचाना तथा प्रशासन और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।

Related posts

Translate »