NEWS & PRESS RELEASE NEWS CATEGORIES राष्ट्रीय 

युवक को अगवा कर बंधक बनाने, मारपीट करने व रंगदारी मांगने के मामले में दो आरोपित गिरफ्तार

पुलिस प्रेस नोट 17 सितम्बर 2026

युवक को अगवा कर बंधक बनाने, मारपीट करने व रंगदारी मांगने के मामले में दो आरोपित गिरफ्तार

फरीदाबाद: थाना पल्ला क्षेत्र में युवक को पिस्टल के बल पर अगवा कर बंधक बनाने, उसके साथ मारपीट करने तथा परिजनों से 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में थाना पल्ला पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान दीपक उर्फ काले निवासी आली गांव, सरिता विहार, दिल्ली, हाल निवासी बेरी बाग, आली गांव, दिल्ली तथा लक्की निवासी आली गांव, सरिता विहार, दिल्ली के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि दिल्ली निवासी युवक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 8 सितम्बर 2026 को उसके परिचित विक्की ने जरूरी काम के बहाने उसे धीरज नगर, फरीदाबाद बुलाया था। वहां पहुंचने पर विक्की, उसका भाई लक्की तथा 3-4 अन्य युवक मिले। विक्की ने उसकी कनपटी पर पिस्टल लगाकर उसे जबरदस्ती कार में बैठा लिया और आंखों पर पट्टी बांधकर अज्ञात स्थान पर ले गए। आरोपितों ने उसके साथ मारपीट की तथा परिजनों से 5 लाख रुपये मंगवाने की मांग की। शिकायत के आधार पर थाना पल्ला में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि शिकायतकर्ता और आरोपित आपस में दोस्त हैं। 7 सितम्बर की रात दोनों ने पार्टी की थी और इसके बाद लक्की के धीरज नगर स्थित घर पर रुके थे। सुबह उठने पर लक्की ने अपनी अंगूठी और पिस्टल गायब पाई। घर में उस समय दोनों के अलावा कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था। लक्की ने शिकायतकर्ता पर अंगूठी व पिस्टल चोरी करने का शक जताया। पूछताछ के दौरान शिकायतकर्ता द्वारा चोरी करने से इनकार करने पर लक्की ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद लक्की शिकायतकर्ता को कार में बैठाकर दिल्ली स्थित अपने दोस्तों के पास ले गया, जहां उसके साथ फिर मारपीट की गई। बाद में लक्की अपने दोस्त दीपक व अन्य साथियों के साथ शिकायतकर्ता को वापस धीरज नगर लेकर आया और उसे बंधक बनाकर रखा तथा उसके साथ मारपीट की।

दोनों को माननीय अदालत में पेश किया गया, जहां से आरोपित दीपक को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया, जबकि आरोपित लक्की को आगामी पूछताछ के लिए 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

प्रवक्ता, फरीदाबाद पुलिस

Related posts

Translate »