वार्ड नंबर-10 में करीब साढ़े 14 करोड़ रुपये की लागत के विकास कार्यों का केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने किया शिलान्यास
वार्ड नंबर-10 में करीब साढ़े 14 करोड़ रुपये की लागत के विकास कार्यों का केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने किया शिलान्यास
– स्थानीय विधायक सतीश फागना भी रहे मौजूद
फरीदाबाद, 6 सितंबर।
केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने गत शनिवार सायं वार्ड नंबर-10, 27 फीट रोड, मनीताल, डबुआ कॉलोनी, एनआईटी, फरीदाबाद में आयोजित कार्यक्रम में करीब साढ़े 14 करोड़ रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इस अवसर पर विधायक एनआईटी सतीश फागना तथा वार्ड नंबर-10 के पार्षद जय भगवान सिंह भी मौजूद रहे।
केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने क्षेत्र में जनसुविधाओं को मजबूत करने और विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से इन कार्यों का शिलान्यास किया। इन विकास कार्यों में आरसीसी नाले, आरसीसी रास्ते, नई पाइपलाइन, वार्ड पार्षद कार्यालय का निर्माण आदि कार्य शामिल हैं। इन कार्यों से क्षेत्रवासियों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि एनआईटी विधानसभा में निरंतर विकास कार्य धरातल पर उतारे गए हैं। आज वार्ड नंबर 10 में लगभग साढ़े 14 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शुभारंभ किया जा रहा है, जिनमें सीवर, पेयजल पाइपलाइन, नालियाँ, टाइल वाली गलियाँ और आरएमसी सड़कें शामिल हैं। एनआईटी विधानसभा के सभी नौ वार्डों में विकास कार्य लगातार चल रहे हैं। वर्ष 2027 तक सीधे यमुना से पाइपलाइन बिछाकर एनआईटी विधानसभा के लिए स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था करने का काम तेजी से चल रहा है। इसके साथ ही पूरी विधानसभा में हाईटेंशन बिजली की तारों को भूमिगत करने का काम भी किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प है कि एनआईटी विधानसभा का कोई भी क्षेत्र विकास से वंचित न रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास” के मंत्र पर चलते हुए बिना भेदभाव के हर क्षेत्र में मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँगी।
इस अवसर पर विधायक सतीश फागना ने कहा कि वार्ड नंबर-10 में करीब साढ़े 14 करोड़ रुपये की लागत के विकास कार्यों का शिलान्यास क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

