शनिवार-रविवार को भी दावे व आपत्तियां प्राप्त करेंगे बीएलओ : जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा
शनिवार-रविवार को भी दावे व आपत्तियां प्राप्त करेंगे बीएलओ : जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा
– 12 व 13 तथा 26 व 27 सितंबर को सभी मतदान केंद्रों पर सुबह 9 से शाम 5 बजे तक बैठेंगे बीएलओ
– नागरिक बीएलओ के समक्ष प्रस्तुत करें दावें व आपत्तियां : जिला निर्वाचन अधिकारी
फरीदाबाद, 09 सितंबर।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला में जारी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत पात्र नागरिकों से दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने के लिए शनिवार 12 सितंबर व रविवार 13 सितंबर तथा शनिवार 26 सितंबर व रविवार 27 सितंबर को विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए हैं। इन तिथियों को शनिवार एवं रविवार होने के बावजूद सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक उपस्थित रहेंगे और पात्र नागरिकों से मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने तथा मतदाता सूची से संबंधित किसी भी प्रकार के दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान किया जा रहा है। विशेष अभियान दिवसों पर बीएलओ अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर नए मतदाताओं के नाम दर्ज करने के लिए निर्धारित प्रपत्र उपलब्ध कराएंगे तथा मतदाता सूची में नाम, विवरण अथवा अन्य प्रविष्टियों से संबंधित दावे एवं आपत्तियां दर्ज करेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने जिला के नागरिकों एवं मतदाताओं से अपील की कि वे निर्धारित तिथियों शनिवार 12 सितंबर व रविवार 13 सितंबर तथा शनिवार 26 सितंबर व रविवार 27 सितंबर को अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची का अवलोकन करें और यदि नाम दर्ज कराने, नाम अथवा विवरण में संशोधन या किसी अन्य प्रविष्टि से संबंधित कोई दावा अथवा आपत्ति हो तो उसे बीएलओ के समक्ष प्रस्तुत करें।
उपायुक्त आयुष सिन्हा ने सभी बूथ लेवल अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे विशेष अभियान दिवसों के दौरान शनिवार 12 सितंबर व रविवार 13 सितंबर तथा शनिवार 26 सितंबर व रविवार 27 सितंबर को अपने-अपने मतदान केंद्रों पर निर्धारित समयानुसार अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। उन्होंने सभी निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों, सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों, उप-जिला निर्वाचन अधिकारियों तथा बीएलओ सुपरवाइजरों को भी निर्देश दिए हैं कि वे विशेष अभियान दिवसों के दौरान सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ की उपस्थिति की जांच सुनिश्चित करें।
जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं त्रुटिरहित होना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत सभी पात्र नागरिकों को इस अवसर का लाभ उठाते हुए अपने मतदाता संबंधी विवरण की जांच करनी चाहिए और आवश्यक होने पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दावा अथवा आपत्ति प्रस्तुत करनी चाहिए।

