शिक्षा विभाग की ओर से सेवा संकल्प अभियान के तहत 1000 से अधिक विद्यार्थी बनाएंगे भव्य मानव रंगोली
शिक्षा विभाग की ओर से सेवा संकल्प अभियान के तहत 1000 से अधिक विद्यार्थी बनाएंगे भव्य मानव रंगोली
फरीदाबाद, 7 अक्टूबर।
प्रदेश सरकार द्वारा जनसेवा, जनभागीदारी और सुशासन की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ के तहत शिक्षा विभाग की ओर से 8 अक्टूबर को सेक्टर-12 स्थित कन्वेंशन हॉल के प्रांगण में भव्य मानव रंगोली का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में लगभग 1000 से अधिक विद्यार्थी एक साथ मिलकर ‘सेवा संकल्प’ की थीम पर मानव रंगोली का निर्माण करेंगे।
कार्यक्रम के माध्यम से सेवा, समर्पण, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्र निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। मानव रंगोली में विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा विभिन्न वर्गों के लोगों की सहभागिता रहेगी। सामूहिक रूप से तैयार की जाने वाली यह मानव रंगोली सेवा संकल्प अभियान की भावना और जनभागीदारी का प्रतीक बनेगी।
इस अवसर पर भारत सरकार के केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर, हरियाणा सरकार में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन तथा शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल, हरियाणा सरकार में मंत्री राजेश नागर, जिले के विधायकगण सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।
शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं को सेवा, सामाजिक दायित्व एवं राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ना है। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया जाएगा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सकारात्मक भागीदारी से सेवा और जनकल्याण के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान की जा सकती है।
जिला प्रशासन की ओर से आमजन से अपील है कि वे इस अनूठे आयोजन में सहभागी बनें तथा ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

