सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित
सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित
– बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और सरकारी योजनाओं के प्रति अभिभावकों को किया जागरूक
फरीदाबाद, 6 अक्टूबर।
सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा चलाए जा रहे आंगन मिलन सेवा अभियान के अंतर्गत आज बल्लभगढ़ ब्लॉक के गौछी सर्कल में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन आंगनवाड़ी वर्कर रचना के प्ले स्कूल में किया गया, जिसमें 35 अभिभावकों तथा 30 से अधिक बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में पार्षद राजेश डागर, जिला अध्यक्ष महिला मोर्चा फरीदाबाद महानगर/बल्लभगढ़ ममता राघव तथा सामाजिक कार्यकर्ता संगीता नेगी ने उपस्थित होकर बच्चों एवं अभिभावकों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में आंगनवाड़ी वर्कर रचना, मिथिलेश, अनीता और सत्यवती, सुपरवाइजर सुनीता रावत तथा रॉकेट लर्निंग की जिला समन्वयक पल्लवी कुमारी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। साथ ही, बच्चों के शुरुआती वर्षों में उचित पोषण, स्वास्थ्य, देखभाल और प्रारंभिक शिक्षा के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। इस अवसर पर समुदाय की एक लाभार्थी की गोदभराई की रस्म कराई गई तथा एक बच्चे का अन्नप्राशन समारोह भी आयोजित किया गया।
बच्चों के समग्र विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ECE (Early Childhood Education) से संबंधित विभिन्न लर्निंग कॉर्नर्स तैयार किए गए। इनमें बच्चों की रचनात्मकता, सीखने की क्षमता, भाषा विकास, सामाजिक व्यवहार तथा खेल के माध्यम से शिक्षा को बढ़ावा देने वाली गतिविधियों का प्रदर्शन किया गया। बच्चों के लिए विभिन्न खेल-आधारित एवं शैक्षणिक गतिविधियां भी आयोजित की गईं।
कार्यक्रम ने समुदाय को पोषण, प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा तथा सरकारी योजनाओं से जोड़ने के साथ-साथ अभिभावकों में बच्चों के समग्र विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया।

