पुलिस प्रेस नोट 22 अगस्त 2026
वाहन चोर गिरफ्तार, अपराध शाखा सेक्टर-85 ने चोरी की मोटरसाइकिल की बरामद, आरोपी को भेजा जेल
राजीव कॉलोनी में घर में चोरी की वारदात का भी हुआ खुलासा, आरोपी को पुलिस प्रोडक्शन रिमांड पर लेकर की जाएगी पूछताछ
फरीदाबाद: वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए फरीदाबाद पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम ने 21 अगस्त को थाना डबुआ क्षेत्र में हुई वाहन चोरी के मामले में आरोपी कन्हैया निवासी राजीव कॉलोनी, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि डबुआ कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने थाना डबुआ में शिकायत दी थी कि उसने 8 जून 2026 को अपनी मोटरसाइकिल डबुआ मंडी के गेट के पास खड़ी की थी। कुछ समय बाद वापस आने पर मोटरसाइकिल वहां नहीं मिली। कोई अज्ञात व्यक्ति मोटरसाइकिल चोरी कर ले गया था। शिकायत के आधार पर थाना डबुआ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी कन्हैया को सेक्टर-17 पुल के पास से चोरी की मोटरसाइकिल सहित काबू किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ऑटो चलाने का काम करता है और 8 जून को मोटरसाइकिल का लॉक तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। पूछताछ के दौरान आरोपी ने राजीव कॉलोनी क्षेत्र में घर में चोरी की एक अन्य वारदात का भी खुलासा किया है। उक्त वारदात के संबंध में आरोपी को पुलिस प्रोडक्शन रिमांड पर लेकर गहनता से पूछताछ की जाएगी।
पुलिस प्रवक्ता

