NEWS & PRESS RELEASE NEWS CATEGORIES राष्ट्रीय 

पुलिस प्रेस नोट 23 अगस्त 2026

ब्लैकमेल कर 20 लाख रुपये मांगने और दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने के मामले में महिला गिरफ्तार

फरीदाबाद: ब्लैकमेल कर 20 लाख रुपये की मांग करने तथा रुपये नहीं देने पर दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने के मामले में थाना सेंट्रल पुलिस ने संगम विहार दिल्ली निवासी एक महिला को उसके घर से 22 अगस्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपिता महिला को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेजने के आदेश दिए गये हैं।

पुलिस प्रवक्ता अनुसार थाना सेंट्रल में फरीदाबाद निवासी एक महिला ने शिकायत देकर आरोप लगाया था कि वर्ष 2023 में उसके पति की जान-पहचान दिल्ली निवासी एक महिला से हुई थी। बातचीत के दौरान महिला ने उसके पति से निजी एवं पारिवारिक जानकारी हासिल कर ली और बाद में अलग-अलग बहाने बनाकर उससे रुपये लेने शुरू कर दिए।

शिकायतकर्ता के अनुसार महिला ने धीरे-धीरे उसके पति पर रुपये देने का दबाव बनाना शुरू किया और करीब 1.5 लाख रुपये ले लिये। जनवरी 2025 में आरोपी महिला द्वारा उसके पति से कथित तौर पर 50 हजार रुपये की मांग की गई। रुपये देने से मना करने पर उसे धमकाने और ब्लैकमेल करने लगी।

शिकायतकर्ता को जब अपने पति और आरोपिता महिला के बीच चल रही बातचीत एवं रुपये लेने की जानकारी हुई तो उसने आरोपिता से संपर्क कर उसके पति से दूर रहने के लिए कहा। जिस पर आरोपिता व उसकी बहन ने शिकायतकर्ता के साथ गाली-गलौच की तथा धमकी दी।

शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपिता महिला उसके पति के कार्यालय में भी पहुंची और कथित रूप से धमकी दी कि यदि उसकी बात नहीं मानी गई तो वह उसे जेल भिजवा देगी। इसके बाद आरोपी महिला द्वारा शिकायतकर्ता के पति से 20 लाख रुपये की मांग की गई तथा रुपये नहीं देने पर उसके खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करवाकर जेल भिजवाने की धमकी दी गई।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि बताया कि शिकायतकर्ता की शिकायत पर थाना सेंट्रल में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज जांच आरंभ की गई और थाना की पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए साक्ष्यों के आधार पर आरोपिता महिला को गिरफ्तार कर लिया है।

प्रवक्ता, फरीदाबाद पुलिस

Related posts

Translate »