योग का संदेश पिछले चार वर्षों में वैश्विक बन गया है: सरना
अमेरिका में भारत के राजदूत नवतेज सरना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गयी योग संबंधी पहल की प्रशंसा करते हुए आज कहा कि चार सालों में योग का संदेश वास्तव में वैश्विक बन गया है। यहां भारतीय दूतावास में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित समारोह में सरना ने कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री की ” महत्त्वपूर्ण पहल ” के बाद से , योग का संदेश वास्तव में विश्वव्यापी बन चुका है। समारोह में वाशिंगटन डीसी और उसके आसपास रह रहे भारतीय अमेरिकी लोग शामिल हुए।
अमेरिकी कांग्रेस में चुनी गई पहली हिंदू सांसद तुलसी गेबार्ड ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दी।
गेबार्ड ने कहा , ‘‘ दुनिया में असली शांति पाने के लिए , हमें अपने भीतर शांति ढूंढ़ने की आवश्यकता है। योग न केवल लोगों को अद्भुत आंतरिक शांति और खुशी पाने में मदद करता है , बल्कि यह सम्मान और प्यार के साथ लोगों को एक साथ लाकर वैश्विक शांति और सद्भाव को बढ़ावा देने में भी सहायता करता है। ’’ अमेरिकी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता हीथर नॉर्ट ने भी साप्ताहिक संवाददाता सम्मेलन में इस अवसर पर पत्रकारों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा , ‘‘ सभी को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की बधाई। शरीर और मस्तिष्क के लिए लाभकारी योग को दुनिया भर में मनाया जाता है। संयुक्त राष्ट्र ने 2015 से इसे मनाना शुरू किया और इसके लिए भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद। ’’
संयुक्त राष्ट्र महासभा ने दिसंबर 2014 में हर व र्ष 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी।

