विदेश हिंदी न्यूज़ 

जल प्रबंधन, कृषि सहित चार क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाएंगे गुजरात और इस्राइल : रूपाणी

गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का कहना है कि उनकी सरकार द्वारा चिह्नित चार मुख्य क्षेत्रों … कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने , जल संकट सुलझाने , आंतरिक सुरक्षा मजबूत बनाने और नवोन्मेष को बढ़ावा देने में इस्राइल के साथ गहन सहयोग बहुत मददगार साबित होगा। यहूदी राष्ट्र की छह दिवसीय यात्रा पर आये रूपाणी का कहना है कि पहली विदेश यात्रा के लिए इस्राइल का चयन ‘‘ संयोग ’’ नहीं है। उन्होंने पीटीआई से कहा , ‘‘ मैंने तय किया कि मेरी पहली विदेश यात्रा इस्राइल की होगी क्योंकि मेरी सरकार द्वारा चिह्नित चार क्षेत्रों में यह देश बेहतर कर रहा है। ’’
जल संकट पर रूपाणी ने कहा कि इससे निपटने के लिए त्रिस्तरीय समाधान उपलब्ध है जिसमें इस्राइल का अनुभव मददगार साबित हो सकता है। उन्होंने कहा , यदि इस्राइल से तुलना करें तो हम बहुत बेहतर स्थिति में हैं। यहां के मुकाबले गुजरात में वर्षा का स्तर बहुत अधिक है। नर्मदा नदी के रूप में हमारे पास बड़ा जल संसाधन है। हमारे पास 1,600 किलोमीटर लंबा समुद्र तट भी है। मुख्यमंत्री ने कहा , पानी पुन : चक्रण के लिए इस्राइल तारीफ के काबिल है, वह अपशिष्ट जल का 100 प्रतिशत पुन : प्रयोग करता है। हम बमुश्किल दो प्रतिशत अपशिष्ट जल का पुन : प्रयोग कर पाते हैं। उन्होंने कहा कि इसके अलावा इस्राइल सफलतापूर्वक अलवणीकरण करता है। हम परियोजना स्थापित कर रहे हैं जो प्रतिदिन 10 करोड़ लीटर पेय जल शोधित कर सकेगी। दाहेज इलाके में भी अलवणीकरण के लिए इसी क्षमता की परियोजना लगायी जा रही है। मुख्यमंत्री का कहना है कि त्रिस्तरीय प्रयासों के तहत —- सात – आठ बड़ी अलवणीकरण परियोजनाएं स्थापित करके , प्राकृतिक जल संसाधनों के योजनाबद्ध उपयोग और जल के पुन : चक्रण तथा पुन : प्रयोग को बढ़ावा देने के क्षेत्र में ठोस प्रयास करके राज्य में जल संकट सुलझाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जल प्रबंधन के क्षेत्र में यदि हमारी योजना सफल रहती है तो कम वर्षा होने की स्थिति में भी जल संकट से निपटने में हम सक्षम होंगे। रूपाणी और उनकी टीम ने कृषि , जल प्रबंधन और आंतरिक सुरक्षा संबंधी इस्राइल की लगभग सभी फर्मों का दौरा किया। रूपाणी ने कहा कि गुजरात में इस्राइल द्वारा तीन ‘ सेन्टर ऑफ एक्सेलेंस ’ खोले गये हैं। इससे राज्य के किसानों को काफी लाभ हो रहा है। यह गुजरात के किसानों में बहुत लोकप्रिय हैं। मुख्यमंत्री ने इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से भी भेंट की। दोनों नेताओं के बीच साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी।

Related posts

Leave a Comment

Translate »