केरल में बारिश से कुछ राहत, मृतक संख्या 37 हुई, विजयन ने मुआवजे की घोषणा की
पिछले कुछ दिनों से केरल में हो रही जबर्दस्त बारिश में शनिवार को कुछ कमी आई लेकिन और बारिश होने के आसार के बीच सरकार सतर्क बनी हुई है. इस मॉनसून सत्र में गत आठ अगस्त से बारिश से संबंधित घटनाओं में मृतकों की संख्या 37 हो गई है. केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने राज्य के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों इडुक्की और वयनाड का हवाई सर्वेक्षण किया. उन्होंने कहा कि केरल भयंकर बाढ़ से गुजर रहा है और आपदा के कारण काफी नुकसान हुआ है. उन्होंने कहा कि अपने घरों और भूमि को खोने वाले लोगों को 10 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा और अपने परिवार के सदस्य को गंवाने वालों को चार लाख रुपये दिये जाएंगे. राज्यभर में शनिवार को बारिश से कुछ राहत मिली. भारतीय मौसम विभाग ने ‘रेड अलर्ट’ जारी करते हुए लोगों से सावधानी बरतने के लिए कहा है क्योंकि इडुक्की, वयनाड, कन्नूर, एर्नाकुलम, पल्लकड़ और मलाप्पुरम के ज्यादातर स्थानों पर भारी से भारी बारिश होने के आसार हैं. तिरुवनंतपुरम तट पर नौका पलटने से शनिवार को दो मछुआरे डूब गये जबकि एक अन्य घटना में अलापुझा जिले के कुट्टानड में एक मां और उसकी बेटी के शव उनके घर के पीछे मिले. आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि राज्य के अन्य हिस्सों से चार और शव बरामद होने के साथ ही बारिश जनित घटनाओं में मृतकों की संख्या बढ़कर 37 हो गई है. राज्य आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष के अधिकारियों ने बताया कि केरल में 341 राहत शिविरों में कुल 35,874 लोग ठहरे हुए है.
