NEWS & PRESS RELEASE NEWS CATEGORIES राष्ट्रीय 

पुलिस प्रेस नोट, 22 अगस्त 2026

होटल संचालक पर फायरिंग के मामले में एक और आरोपित गिरफ्तार, अपराध शाखा सेक्टर-30 की कार्रवाई

फरीदाबाद: थाना कोतवाली क्षेत्र में फरवरी 2025 में भोजनालय संचालक पर फायरिंग करने के मामले में अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने एक और आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान सुभाष कुमार निवासी गांव जैत, मथुरा, हाल नंगला एन्क्लेव पार्ट-2, फरीदाबाद के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने आरोपित को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मामले में राकेश भाटिया निवासी NIT फरीदाबाद ने थाना कोतवाली में शिकायत दी थी कि वह द मॉल ऑफ फरीदाबाद के सामने भोजनालय चलाता है। 06 फरवरी 2025 की सुबह करीब 6:00 बजे एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में चार युवक उसके भोजनालय पर आए थे। इनमें से एक युवक ने सामान लिया और Paytm के माध्यम से भुगतान किया। इसके बाद गाड़ी में सवार दो अन्य युवक कैश काउंटर के पास आए और शिकायतकर्ता के साथ पैसे को लेकर बहस एवं गाली-गलौच करने लगे। इसी दौरान एक युवक ने पिस्तौल निकालकर शिकायतकर्ता पर गोली चला दी। फायरिंग की घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। शिकायत पर थाना कोतवाली में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू की गई।

मामले की जांच के दौरान अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपित सुभाष कुमार को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि वारदात के समय सुभाष कुमार, रंकित के साथ कैश काउंटर पर आया था जहां पर होटल संचालक के साथ उनकी बहस हुई और उसने रंकित को गोली चलाने के लिए कहा था। घटना के बाद सभी मौके से भाग गए थे। रंकित और लव को पुलिस टीम द्वारा पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

प्रवक्ता, फरीदाबाद पुलिस

Related posts

Translate »